अयोध्या। खंडासा क्षेत्र के भीखीपुर में मंगलवार को एक युवती को विदा कराने तीन कश्मीरी युवक व एक महिला पहुंची। मामला पुलिस के संज्ञान में आया तो हड़कंप मच गया।
बताते हैं कि युवती का निकाह पांच जुलाई को हुआ था। पुलिस गांव पहुंचे कश्मीरी युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
ये लोग युवती के घर पर ही पुलिस अभिरक्षा में हैं। विदाई कराने आए कश्मीरियों का कहना है कि युवती की शादी शोपियां, पुलवामा के रहने वाली रुक्सार से हुई थी।
बताते हैं कि कोलकाता में गांव के एक व्यक्ति की ससुराल है। उसकी एक साली का निकाह कश्मीर में हुआ है। इन्हीं संबंधों के जरिये कश्मीरी युवक खंडासा पहुंचे।
कश्मीर से आए लोग दुल्हन के घर पर पुलिस अभिरक्षा में रुके हैं। दूल्हे समेत तीन पुरुष और एक महिला हैं। ये लोग चार दिन पहले ही गांव आए थे।
हालांकि खंडासा पुलिस ने मामला संज्ञान में आते ही दुल्हन की विदाई रोक दी है। मंगलवार को चारों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के साथ अन्य जांच एजेंसियों ने भी इन लोगों से पूछताछ कर रहीं हैं।
कश्मीर से नहीं हो पा रहा है पुलिस का संपर्क।
ग्राम प्रधान वीर प्रताप सिंह ने बताया कि निकाह हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस अभिरक्षा में ही युवती के घर पर कश्मीरी महिला एवं तीन युवक ठहरे हुए हैं। हालांकि पुलिस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दे रही है।