विकास कार्यों का लक्ष्य समय से पूरा कराने का प्रयास किया जाए। वित्तीय साल में तमाम अन्य कार्यों के साथ इस पर विशेष गौर किए जाने की आवश्यकता है। कमिश्नर सूर्य प्रकाश मिश्र ने मंडल और जिले के अफसरों को यह निर्देश देते हुए कहा कि मानीटरिंग करके विकास कार्यों की गति बढ़ाई जाए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने मुख्यमंत्री की शीर्ष प्राथमिकता में शामिल डॉ. लोहिया समग्र गांव के बारे में जिलेवार अब तक की प्रगति के बारे में योजनावार जानकारी हासिल की। कहा कि सड़क, बिजली, आवास सहित अन्य बड़ी परियोजनाओं पर विशेष गौर किए जाने की जरूरत है।
उन्होंने चिकित्सा, शिक्षा के साथ ही बड़ी परियोजनाओं की भी समीक्षा की। मनरेगा में मंडल में जिलेवार समीक्षा के दौरान कम प्रगति वाले जिलों को इसमें प्रगति बढ़ाने का निर्देश दिया।
कई विभागों की प्रगति अच्छी न होने पर अफसरों को इसमें सुधार के लिए कहा। समीक्षा में फैजाबाद के जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र सहित मंडल और जिलों के अफसर थे।