लखनऊ से आई बीडीएस टीम के साथ यात्रियों के समानों की तलाशी लेती जीआरपी।
- फोटो : अमर उजाला
चैत्र रामनवमी मेला को लेकर आतंकी हमले के इनपुट से रेल महकमा हाई अलर्ट पर है। इनपुट के आधार पर धार्मिक स्थलों और रेलवे स्टेशनों को खंगालने का निर्देश मिला तो लखनऊ से जीआरपी की बीडीएस टीम फैजाबाद भी आ धमकी।
इलेक्ट्रॉनिक बम, टिफिन बम का सफलतापूर्वक पता लगा चुके अत्याधुनिक ईडीडी (एक्सप्लोसिव डिटेक्टर डिवाइस) से लैस टीम ने चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली। पुलिस के अधिकारी और जवान भी कार्यप्रणाली को देखने-समझने को उत्सुक दिखे।
डॉग कैसीनो संग बीडीएस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने करीब तीन घंटे रेलवे स्टेशन पर रुककर अप दून एक्सप्रेस, दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस और किसान एक्सप्रेस की तलाशी ली। सूत्रों के अनुसार प्रदेश सरकार ने सभी धार्मिक स्थलों और रेलवे स्टेशनों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश जारी किया है।
शुक्रवार को लखनऊ से जीआरपी की बीडीएस टीम के प्रभारी नरेंद्र प्रताप सिंह, डॉग हैंडलर राकेश कुमार और छह अन्य लोगों के साथ कोटा-पटना ट्रेन से फैजाबाद पहुंचे। यहां जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार वर्मा अपने पांच उपनिरीक्षकों, सात जवानों, एक महिला सिपाही व आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार तिवारी अपने दो सहायक निरीक्षकों व सात जवानों के साथ पहले से ही इंतजार में खड़े थे। जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार वर्मा ने बताया कि बीडीएस टीम के प्रभारी,डॉग कैसीनो, डॉग हैंडलर, एक्सप्लोसिव डिटेक्टर डिवाइस (ईडीडी) व एचएचएमडी के साथ जवानों ने सघन तलाशी ली।