अयोध्या। इनायत नगर थाने के पारा ब्राह्मनान में प्राथमिक विद्यालय के पास सोमवार को स्वयं सहायता समूह के कलेक्शन एजेंट के साथ हुई लूट के आरोपियों को लूट के सामान के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
सोमवार सुबह लगभग 11:30 बजे स्वयं सहायता समूह के कलेक्शन एजेंट थाना क्षेत्र के मीठे गांव, रसूलपुर तथा पारा ब्रह्मनान गांव से कलेक्शन करके पारा ब्रह्मनान के प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचा ही था कि बाइक सवार लुटेरों ने तमंचा के बल पर कलेक्शन एजेंट से 98 हजार दो सौ 86 रुपये नकद, स्कैनिंग मशीन, लैपटॉप लूट कर असलहा लहराते हुए फरार हो गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की गहन छानबीन शुरू कर दी थी।
पीड़ित स्वयं सहायता समूह के कलेक्शन एजेंट सत्येंद्र सिंह निवासी पूरे हनुमान थाना जगतपुर जनपद रायबरेली की तहरीर पर देवेंद्र पाठक निवासी शेखनपुर पूरे हतवा, उमेश निवासी कुचेरा पूरे बक्ती, अमित यादव निवासी मीठे गांव पूरे रसूलपुर सभी थाना इनायतनगर व निखिल विश्वकर्मा निवासी सरियावां थाना पूरा कलंदर के खिलाफ प्राथमिकी कायम करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
प्रभारी निरीक्षक नीरज सिंह ने बताया की सोमवार देर रात आरोपियों देवेंद्र पाठक, उमेश तथा अमित यादव को गिरफ्तार कर लिया गया जिनके कब्जे से लूटे गए रुपए, स्कैनिंग मशीन, लैपटॉप समेत वारदात में प्रयुक्त तमंचा व बाइक को बरामद कर लिया गया। चौथे आरोपी निखिल विश्वकर्मा की तलाश की जा रही है।