अयोध्या। कोतवाली के भेलसर चौकी के अंतर्गत एक कंटेनर ने मंगलवार सुबह लगभग छह बजे कोचिंग जा रही छात्रा को रौंद दिया। छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्राम सराय दौलत निवासी 10वीं की छात्रा मानसी मौर्या (16) पुत्री देव नरायण मौर्या खैरनपुर कोचिंग पढ़ने जा रही थी। राजमार्ग पर अवधेश ढाबे के सामने साइकिल से रोड पार कर रही छात्रा को लखनऊ से अयोध्या जा रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौके पर मौत हो गई। चालक कंटेनर लेकर मौके से भाग गया। इस दौरान वहां भीड़ लग गई और राजमार्ग पर लोगों ने जाम लगा दिया। भेलसर चौकी प्रभारी द्रवेश द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को समझा-बुझाकर राजमार्ग खाली कराया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिवारीजनों को दी। भेलसर चौकी प्रभारी द्रवेश द्विवेदी ने बताया कि छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संवाद
घटनास्थल पर जा रहे चौकी प्रभारी की कार में ट्रक ने मारी टक्कर
कोतवाली रुदौली क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार सुबह लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसे में छात्रा की मौत की सूचना पर घटनास्थल पर जा रहे भेलसर चौकी प्रभारी की प्राइवेट कार में ट्रक ने टक्कर मार दी। गनीमत रही कि कार पलटी नहीं, इससे बड़ा हादसा हो सकता था। भेलसर चौकी प्रभारी द्रवेश द्विवेदी ने बताया कि वह हमराहियों के साथ हादसे की सूचना पर प्राइवेट कार से मौके पर जा रहे थे। तभी लखनऊ से अयोध्या को जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार में बगल से टक्कर मार दी। ट्रक व चालक सोनू वैरागी को पकड़ लिया गया है। ट्रक नासिक से अयोध्या जा रहा था।