बार्डर पर पूछताछ करते एसएसपी आशीष तिवारी।
- फोटो : FAIZABAD
बीकापुर। लॉकडाउन का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अनुज कुमार झा बुधवार दोपहर अचानक बीकापुर पहुंचे। उन्होंने कोतवाली क्षेत्र के चौरे बाजार के सुल्तानपुर सीमा पर स्थित चौरे चंदौली बॉर्डर पर बनाए गए बैरियर का निरीक्षण किया। वहां पर लगे पुलिस कर्मियों, स्वास्थ्य कर्मियों व अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा अपनाने का टिप्स दिया। साथ ही पूरी तरह बॉर्डर को सील करवा दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बिना पास और परमिशन के कोई भी जिला में बॉर्डर से प्रवेश नहीं करेगा। सुल्तानपुर, अयोध्या जनपद में से ड्यूटी करने के लिए आने वाले जरूरी सेवा के कर्मचारियों को भी परमिशन और पास के होने पर ही बॉर्डर के अंदर प्रवेश दिया जाएगा। सीमा के बैरियर पर तैनात किए गए स्वास्थ्य कर्मियों को भी सुरक्षा देने के लिए कहा।
उसके बाद जिलाधिकारी द्वारा खजुरहट विपणन शाखा गेहूं क्रय केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। गेहूं खरीद में लगे कर्मियों और पल्लेदारों व यहां आने वाले किसानों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए और मॉस्क लगाने के लिए कड़े दिशा निर्देश दिए।
कहा कि गेहूं क्रय केंद्र पर आने वाले लोगों के लिए पानी, सैनिटाइजर और साबुन की भी व्यवस्था की जाए। डीएम ने किसान सेवा साधन सहकारी समिति गेहूं क्रय केंद्र का भी औचक निरीक्षण किया। बताया कि सोशल डिस्टेंसिंग का संवेदनशीलता पूर्वक पालन किया जाए।
तहसील के लेखपालों को दिशेा निर्देश दिया कि अपने अपने क्षेत्र के ग्राम पंचायत के किसानों को घर जाकर सूची बनाएं और उनको गेहूं की बिक्री करने के लिए टोकन दिया जाए। टोकन के हिसाब से किसानों का गेहूं खरीदा जाए। इस मौके पर एसडीएम बीकापुर जयेंद्र कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी कोमल प्रसाद मिश्र सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।