अयोध्या। अमर उजाला ने अपने सामाजिक दायित्वों के तहत लॉकडाउन से दूसरे चरण में बुधवार को कर्मयोगी समाचार पत्र वितरकों की मदद का अभियान चलाया। शहर के रीडगंज स्थित समाचार पत्र वितरण केंद्र पर भोर में अयोध्या विधायक वेदप्रकाश गुप्ता ने इसका शुभारंभ करते हुए करीब एक सौ समाचार पत्र वितरकों को पांच किलो आटा, तीन किलो चावल, दो किलो अरहर दाल के साथ सरसों का तेल, नमक व मसाला आदि की किट प्रदान की।
साथ ही जिलाधिकारी से वार्ता के बाद घोषणा की कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी हॉकरों के खाते में असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए अनुमन्य एक हजार रुपये की रकम अतिशीघ्र जमा की जाएगी। इसके अतिरिक्त अमर उजाला फाउंडेशन की पहल पर युवा व्यापारियों की ओर से चल रहा कोई भूखा न रहे रसोई के तहत जरूरतमंदों को राशन उपलब्ध कराया गया। साथ ही भूख से तड़प रहे बेजुबानों को भोजन कराया जा रहा है।
बुधवार को भोर में अयोध्या नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्त के नेतृत्व में व्यापारी नेता अभिषेक अग्रवाल व रघुनंदन जायसवाल आदि रीडगंज चौराहे पर स्थित अमर उजाला वितरण केंद्र पर सौ समाचार पत्र विक्रेताओं को राशन का वितरण किया गया।
विधायक ने कहा कि समाचार पत्र वितरक हर मौसम का सामना करते हुए लोगों तक समाचार पत्र पहुंचाते हैं। कोरोना जैसी महामारी में भी वे जान पर खेलकर हमने दायित्व को निभा रहे हैं। ऐसे में अमर उजाला के प्रयास से उनकी मदद करके बेहद सुख की अनुभूति हो रही है।
कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हॉकर बंधुओं को राशन व उनके खाते में एक हजार रुपये देने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी से इसके लिए बात हुई है, अतिशीघ्र सभी के खाते में धनराशि तहसील के माध्यम से दी जाएगी। युवा व्यापारी अभिषेक अग्रवाल व अमल गुप्ता ने कहा कि अमर उजाला की मुहिम के साथ युवा व्यापारी जरूरतमंदों की मदद में कोई कमी नहीं होने देगा।
इस तरह की समाजसेवा के लिए सामर्थवान लोगों को आगे आने की अपील की। इस दौरान अंकित अग्रवाल, प्राशु अग्रवाल, ध्रुव मौर्या, सिद्धांत मौर्या, पीयूष मौर्य, अमित गुप्ता, संदीप साहू, हरिओम मेहंदी, विजय, देवेश गुप्ता आदि ने सहयोग किया।
राशन पाकर खिले चेहरे, जताया अमर उजाला का आभार
समाचार पत्र विक्रेता योगेश श्रीवास्तव, उपेंद्र दूबे, सरवेंद्र दूबे, राजेश मौर्या, रमेश मौर्या आदि ने राशन मिलने पर अमर उजाला का आभार जताते हुए कहा कि इस संकट में घड़ी में किया गया सहयोग उन्हें सदा याद रहेगा। सुरेंद्र मौर्या, शीतला प्रसाद, पवन गुप्ता, गया प्रसाद, सूरज गुप्ता, रामप्रकाश यादव आदि ने कहा कि वो लॉकडाउन के दौरान कोई अन्य कार्य नहीं कर पा रहे हैं, इसके चलते उनके परिवार को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर अमर उजाला द्वारा की गई सहायता उनके लिए अनमोल है।
बेजुबानों को भोजन कराने का सिलसिला जारी
अमर उजाला फाउंडेशन की पहल पर लॉकडाउन के दौरान भूख से तड़प रहे बेजुबानों को भोजन कराने के क्रम में व्यापारी नेता चंद्र प्रकाश गुप्त ने रेलवे स्टेशन, जेल के पीछे, जीआईसी ओवरब्रिज पर बंदरों, गायों व कुत्तों को गाजर, खीरा, ककड़ी व अन्य खाद्य पदार्थ खिलाया। बताया कि इसके लिए सिविल लाइन स्थित पुष्पराज चौराहे के पास दो हौदी का निर्माण कराकर उसमें भोजन व पानी का इंतजाम किया गया है।