अयोध्या। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए संपूर्ण देश में लगाए गए लॉकडाउन के 17वें दिन अचानक सुबह से दोपहर तक जरूरत के सामान-दवाएं लेने के लिए लोग सड़क पर बाइक और कार से उमड़ पडे़।
शहर के नाका से लेकर फतेहगंज, चौक रीडगंज से देवकाली तक बाइक और कार से लोगों की आवाजाही बढ़ गई। लेकिन दोपहर 1 बजे से पुलिस ने सख्ती बरतते हुए लॉक डाउन का पालन कराया। एसएसपी आशीष तिवारी ने अयोध्या के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर लॉकडाउन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सरकार व जिला प्रशासन के आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने शुक्रवार को फतेहगंज, मारवाड़ी धर्मशाला, मनूचा तिराहा, रीडगंज, चौक, रिकाबगंज सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर लॉकडाउन का जायजा लिया। उन्होंने राशन दुकानों व मेडिकल स्टोर के सामने सोशल डिस्टेंसिंग को बनाये रखने हेतु पेंट से एक-एक मीटर की दूरी पर गोला बनाने के निर्देश दिए तथा सभी को मास्क लगाए रखने को कहा।
इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वो लॉकडाउन के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम को दृष्टि से अपने-अपने घरों में अपने परिवार के साथ रहे व सोशल डिस्टेंसिंग पर विशेष का ध्यान रखें। कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने घर से बाहर न निकलें, बहुत जरुरी होने पर बाहर निकलने पर भी मोटरसाइकिल पर मय हेलमेट एक ही व्यक्ति के सवारी करने के निर्देश दिए।
किया रूट मार्च, ड्रोन कैमरे से निगरानी
अयोध्या। लॉकडाउन के दौरान बिना कार्य घर से निकलने वाले लोगों पर नजर रखने के लिए पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरे का सहारा लिया जा रहा है। सीओ सिटी अरविंद चौरसिया की अगुवाई में टीम ने शहर के चौक, रिकाबगंल, गुदड़ी बाजार, बजाजा, रीडगंज आदि इलाकों में ड्रोन की मदद से निगहबानी की।
वहीं, शुक्रवार दोपहर में सिटी मजिस्ट्रेट सत्यप्रकाश सिंह व सीओ सिटी की अगुवाई में आरएएफ व पुलिस जवानों ने शहर में रूट मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए लॉकडाउन का पालन करते हुए घरों में ही रहने की अपील की। पुलिस का यह रूट मार्च सिविल लाइन, रिकाबगंज, बजाजा, फतेहगंज, कसाबबाड़ा, रामनगर आदि इलाकों से गुजरा। सीओ ने बताया कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है, इसके लिए लगातार लोगों को चेतावनी दी जा रही है। आवश्यक कार्य से निकलने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
मेडिकल स्टोर पर भीड़ देख नाराज हुए विधायक
अयोध्या। शहर के एक मेडिकल स्टोर की दुकान पर भीड़ देखकर वहां से गुजर रहीे विधायक वेद प्रकाश गुप्त नाराज हो गए। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न होने पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों व भीड़ को फटकार लगाई। इस दौरान मेडिकल स्टोर में दवा लेने गए पुलिसकर्मी को भी विधायक ने लाइन में लगवाया, साथ वहां खड़े लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की नसीहत दी।