अयोध्या। क्वारंटीन वार्डों में रखे गए जमातियों द्वारा अभद्रता के मामले सामने आने के बाद अब मेडिकल कॉलेज के वार्डों में सीसीटीवी से निगरानी की तैयारी की जा रही है। वहीं, शुक्रवार को कोरोना जांच के लिए 25 और नमूने भेजे गए हैं। जबकि पहले की रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है।
तब्लीगी जमात से जुड़े लोगों द्वारा कुछ अस्पतालों में स्टाफ नर्स व स्वास्थ्यकर्मियों से दुर्व्यवहार के मामले सामने आने के बाद जिले के कोविड-19 अस्पतालों में भी व्यवस्थाएं और हाइटेक की जा रही हैं।
राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर अस्पताल में सौ बेड के निगरानी वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की तैयारी की जा रही है। इससे यहां पर रखे गए प्रत्येक व्यक्ति की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। प्रिंसिपल प्रोफेसर विजय कुमार ने बताया कि आगामी दिनों को लेकर तैयारियां और तेज की गई हैं। वेंटिलेटर की संख्या बढ़ाने की दिशा में कार्य हो रहा है। अन्य व्यवस्थाएं पहले से ही बेहतर हैं। हर परिस्थिति से निपटने को हम तत्पर हैं।
उधर, बृहस्पतिवार को कोरोना जांच के लिए भेजे गए 25 नमूनों की रिपोर्ट शुक्रवार को खबर लिखने तक प्राप्त नहीं हुई। इनमें दो नमूना मेडिकल कॉलेज दर्शननगर से व 23 मसौधा स्थित फेसलिटी क्वारंटीन से गई है। जबकि शुक्रवार को 25 और नमूने मसौधा स्थित फेसलिटी क्वारंटीन से भेजे गए हैं। इनमें रुदौली क्षेत्र का एक जमाती व शेष अन्य प्रदेशों से आए लोग शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि, किसी में अभी तक कोई लक्षण सामने नहीं आए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ घनश्याम सिंह ने बताया कि पहले की गई रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है, देररात तक आने की संभावना है। जबकि 25 नमूने और भेजे गए हैं।