अयोध्या। खाद की दुकानों पर उर्वरक स्टॉक व बिक्री रजिस्टर न रखने वाले विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी है। कृषि विभाग की ओर से ऐसे करीब ढाई सौ दुकानदारों को चिह्नित किया गया है। शीघ्र ही टीम गठित करके छापा मार कर ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई करने की रणनीति बनाई जा रही है।
जिले में उर्वरक की आठ सौ निजी व सहकारिता की सौ दुकानें संचालित हैं। इन दुकानों पर उर्वरकों का मौजूद स्टॉक सहित किसानों को बिक्री आदि का रजिस्टर बनाने का निर्देश दिया गया था। डीएम के निर्देश पर गठित टीमों ने कई बार निरीक्षण करके इसके लिए दुकानदारों को विशेष निर्देश दिया है, लेकिन जिले में अभी भी करीब 250 दुकानदारों ने उर्वरक स्टॉक व बिक्री रजिस्टर नहीं तैयार किया है।
जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह ने बताया कि ऐसे दुकानदारों को चिह्नित किया गया है। डीएम के निर्देश पर निरीक्षण के लिए टीमें गठित की जा रही हैं। सप्ताह भर में ऐसी दुकानों पर छापा मार कर कार्रवाई की जाएगी। उर्वरक स्टॉक व बिक्री रजिस्टर न मिलने पर संबंधित दुकानदारों का लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा। बताया कि रजिस्टर में दुकानदारों को किसान का नाम, पता, पिता का नाम, आधार नंबर, मोबाइल नंबर के साथ-साथ उर्वरक की मात्रा अंकित किया जाना है।
-