ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी स्पष्ट किया है कि आने वाले सभी मेहमान हमारे अतिथि हैं, कोरोना संकट के कारण सीमित मात्रा में लोगों को बुलाया जा रहा है, इसमें सबसे अहम संत-महात्मा और राम मंदिर आंदोलन से जुड़े लोग हैं। सभी मंत्री-मुख्यमंत्री को बुलाने से कोरोना के नियमों के पालन में दिक्कत आ सकती है। सिर्फ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीवेन पटेल आएंगे, जिनका प्रोटोकाल के तहत पीएम के स्वागत में रहना अनिवार्य है।
रामलला का 12 मिनट पूजन करेंगे मोदी
लोकाभिरामं रणरंगधीरं राजीवनेत्रं रघुवंशनाथम्। कारुण्यरूपं करुणाकरं तं श्रीरामचन्द्रं शरणं प्रपद्ये॥ इसी भक्तिभाव से पीएम मोदी हनुमानगढ़ी के बाद 5 अगस्त को रामलला के दरबार में हाजिरी लगाएंगे। मुख्य पुजारी आचार्य सतेंद्र दास कहते हैं कि कुल 12 मिनट पूजन का समय प्रशासन ने तय करके मुझे तैयारी के लिए कहा है। मोदी मंगलाचरण से आरंभ कर विधि विधान से रामलला की पूजा करेंगे। लेकिन भोग आरती जब शुरू होगी तो वे 12 बजकर 15 मिनट 15 सेकेंड के बाद 32 सेकेंड के खास मुहूर्त में नींव में चांदी की ईंट रख रहे होंगे।
मुख्यमंत्री अयोध्या आकर परखेंगे तैयारी
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर रविवार दूसरी बार तैयारी परखने अयोध्या आ रहे हैं। वे हेलीपैड से लेकर हनुमानगढ़ी और श्रीरामजन्मभूमि जाकर पीएम मोदी के मिनट टू मिनट कार्यक्रम का रिहर्सल कर सकते हैं। एसपीजी की टीम ने शनिवार को यहां प्रशासन के साथ बैठक कर सुरक्षा तैयारियों का खाका खींचा। सीएम के आने से पहले यहां से निरीक्षण कर शुक्रवार को लौटे मुख्य सचिव ने भी शनिवार को फिर वीसी के जरिए पीएम के कार्यक्रम में हुए बदलाव व केंद्रीय मंत्रियों का कार्यक्रम रद होने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।