अयोध्या। नव्य अयोध्या के अंतर्गत रामनगरी में जमीन लेने की कार्रवाई मंगलवार से शुरू हो जाएगी। जमीन अधिग्रहण के लिए उत्तरप्रदेश आवास विकास परिषद की बोर्ड बैठक में 850 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया।
आवास विकास विभाग की योजना के तहत 1190 एकड़ में टाउनशिप विकसित की जानी है। जिसके लिए तीन गांवों की कुल 1523 खातेदारों की जमीन लेने की योजना है। अब तक करीब 80 प्रतिशत किसानों ने सहमति भी दे दी है।
अपर आवास आयुक्त एवं सचिव डॉ. नीरज शुक्ल की अध्यक्षता में शुक्रवार को भी आपत्तियों का निस्तारण किया गया, कुल 132 आपत्तियों पर सुनवाई अपर आवास आयुक्त द्वारा की गई।
रामनगरी में विकसित होने वाली टाउनशिप के लिए कवायद तेज हो गई है। अयोध्या का विकास उसकी पौराणिक गरिमा को बरकरार रखते हुए किए जाने की तैयारी है।
रामनगरी के ग्लोबल विकास के साथ-साथ अयोध्या के हेरिटेज स्वरूप को भी संरक्षित व विकसित करने का खाका तैयार किया जा रहा है। इसके लिए कनाडा की कंसल्टेंट एजेंसी डिजाइन तैयार करने में जुटी हुई है।
टाउनशिप में जहां विभिन्न पंथ, संप्रदाय, धर्म के मठ-मंदिर व आश्रम होंगे। वहीं बड़े-बड़े होटल भी बनाए जाने हैं। टाउनशिप विकसित करने के लिए तीन राजस्व गांव शाहनेवाजपुर, मांझा बरहेटा, तिहुरा की जमीन ली जानी है।
इसके लिए बजट भी जारी कर दिया गया है। जिसके बाद अब जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई में तेजी आएगी। किसानों से जमीन लेने की कार्रवाई भी शुरू होने जा रही है इसके लिए मंगलवार से आवास विकास विभाग द्वारा जमीन अधिग्रहण के लिए प्रतिकर का वितरण प्रस्तावित है।
वहीं दूसरी तरफ जिन किसानों ने योजना को लेकर अपनी आपत्ति दाखिल की है, उनकी आपत्तियों का निस्तारण भी किया जा रहा है। आपत्ति निस्तारण के लिए एक समिति का भी गठन किया गया है।
वहीं अपर आवास आयुक्त एवं सचिव डॉ. नीरज शुक्ल की अध्यक्षता में शुक्रवार को भी आपत्तियों का निस्तारण किया गया, कुल 132 आपत्तियों पर सुनवाई अपर आवास आयुक्त द्वारा की गई।
अभी से ही बड़ी संख्या में लोग टाउनशिप में जमीन के लिए आवास विकास से संपर्क कर रहे हैं। 30 से ज्यादा होटल ग्रुप ने भी अयोध्या में जमीन मांगी है। इसके अलावा देश के कई राज्यों ने भी अपने गेस्ट हाउस के लिए आवास विकास परिषद से जमीन मांगी है।
कई देश भी अपना गेस्ट हाउस बनाना चाहते हैं। श्रीलंका, कोरिया, त्रिनिडाड, मलेशिया, नेपाल, सूरीनाम, फिजी, मॉरीशस, थाईलैंड सहित अन्य कई देश टाउनशिप में जमीन चाहते हैं।
देश के कई दिग्गज साधु-संतों ने भी आश्रम आदि के लिए जमीन की डिमांड की है। जल्दी ही यहां डेवलपमेंट का काम शुरू हो जाएगा। इसके बाद भूखंडों का आवंटन भी प्रारंभ होगा। योजना में फ्लैट तथा प्लाट दोनों आवंटित किए जाएंगे। इस वर्ष के अंत तक पंजीकरण शुरू होने की उम्मीद है।
किसानों की आपत्ति का हो रहा निस्तारण
राजस्व गांव कुल खातेदार
शाहनेवाजपुर 477
बरहेटा 565
तिहुरा 481
कुल 1523
जमीन अधिग्रहण के लिए बजट का आवंटन कर दिया गया है। मंगलवार से आवास विकास परिषद अयोध्या में किसानों से जमीन खरीदना शुरू कर देगा। इसके लिए प्रतिकर का वितरण प्रस्तावित है। योजना के लिए अस्सी प्रतिशत किसानों ने सहमति दे दी है, जो आपत्तियां उसकी समिति द्वारा मौके मुआयना कर निस्तारण किया जा रहा है। जल्द ही टाउनशिप का साकार रूप आना शुरू हो जाएगा।- ओपी पांडेय, सहायक अभियंता, आवास विकास परिषद