कोरिया-अयोध्या संबंधों की दशकों पूर्व बंधी डोर बृहस्पतिवार को उस समय एक बार फिर सुदृढ़ होती नजर आई जब अयोध्या पहुंचे 26 सदस्यीय कोरियाई दल ने सरयू तट स्थित महारानी हौ के स्मारक पर संगीतमय श्रद्धांजलि दी। दल के सदस्यों ने पारंपरिक नृत्य व संगीत के कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।कोरिया डेलीगेशन का नेतृत्व कर रहे जंग हुन किम ने बताया कि दोनों देश की जनता का आपसी रिस्ता 2000 वर्ष पूर्व स्थापित हुआ था, तब अयोध्या से कोरिया पहुंची राजकुमारी ने वहां के राजा किंग सूरो से विवाह किया था।
जिनका कोरियन नाम हू-वांग आक पड़ा। हम उन्हीं के वंशज है। हम सभी आपका स्नेह व प्यार से अभिभूत हैं। अयोध्या के पावन भूमि पर दक्षिण कोरिया से आये 26 अतिथियों का स्वागत करते हुए जिला मजिस्ट्रेट अनुज कुमार झा ने कहा कि भारत व कोरिया के संबंधों को आगे बढ़ाते हुए 6 नवंबर 2018 को आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला व प्रदेश के मुख्यमंत्री ने रानी हौ के पार्क के विस्तारीकरण की आधारशिला रखी गयी थी।
विस्तारीकरण हेतु 2 1/2 की भूमि आवंटित करने के साथ शासन द्वारा 21 करोड़ 92 लाख के बजट का प्रावधान कर दिया गया है। शीघ्र ही कार्य शुरू हो जायेगा। इस अवसर पर रानी अवस्थी की प्रामिनेंट पब्लिक स्कूल के बच्चों से होली गीत गाकर मेहमानों पर फूलो की पंखुड़ी की वर्षा के साथ अबीर गुलाल लगाया। राजा अयोध्या डॉ. विमलेश मोहन प्रताप मिश्र ने अतिथियों व जिला प्रशासन के अधिकारियों के प्रति आभार प्रकट करने के साथ सफल आयोजन हेतु धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में कोरिया सुग ओ किम, डू चिल कि, जाग सुंग किम, सुक योन ना, यूम हुर, जुगजा जा सू, संग हूं जोगरो किम, गायसूक हयू, यूंग ताई ओन, यूंग हुई हुर, गिल हैग हूँ, जांग वागं किम, की से ओक किम, यू ओग वॉन किम, मजुंग किम, नाम हियू, एडीएम नगर, रेजीडेंट मजिस्ट्रेट अयोध्या, शोध संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी रामतीरथ सहित प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारी उपस्थित थे।
इससे पूर्व अयोध्या राजपरिवार द्वारा कोरियाई दल के स्वागत में भोज का कार्यक्रम आयोजित किया गया। अयोध्या नरेश विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र, शैलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र, विख्यात साहित्यकार यतींद्र मिश्र द्वारा कोरियाई दल का स्वागत किया गया। अवध विवि के प्रति कुलपति डॉ.एसएन शुक्ल द्वारा दीपोत्सव का चित्र एवं रामनामा वस्त्र कोरियाई टीम को भेंट किया गया। कोरियाई दल ने भी राजपरिवार सहित अयोध्या नगर निगम के महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, मंडलायुक्त मनोज मिश्र, डीएम अनुज झा, एसएसपी योंगेंद्र कुमार सहित अन्य विशिष्टजनों का सम्मान किया। इस दौरान महंत गिरीशपति त्रिपाठी, पूर्व मंत्री पवन पांडेय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भाजपा अभिषेक मिश्र सहित अन्य मौजूद रहे।