पटरंगा (अयोध्या)। मवई थाना क्षेत्र के नेवरा कस्बे के व्यापारियों ने एक युवती के अपहरण के विरोध में अपने प्रतिष्ठान बंद कर उमापुर-दुल्लापुर मार्ग पर धरना-प्रदर्शन किया। वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। मौके पर चार थानों की पुलिस के साथ सीओ सत्येन्द्र भूषण तिवारी ने पहुंचकर पीड़ित परिवारीजनों से वार्ता कर जल्द ही युवती की बरामदगी व आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ।
सीओ ने बताया कि रुदौली सर्किल के मवई थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवरा कस्बे की एक युवती संडवा गांव में स्थित एक स्कूल में शिक्षिका है। वह शुक्रवार की रात से संदिग्ध हालात में लापता है। पीड़ित की तहरीर पर मवई पुलिस ने तीन युवकों पर मुकदमा दर्ज किया है। विद्यालय के ही तीन छात्रों पर युवती के अपहरण का आरोप है। मामले में स्कूल प्रबंधन की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है। आरोपियों में दो गैर समुदाय के बताए जा रहे हैं।
आरोपी के परिवारीजनों की ओर से जबरन निकाह कराने की धमकी दिए जाने के बाद व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सीओ सत्येन्द्र भूषण तिवारी ने बताया कि प्रकरण में शनिवार को ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि धरना प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों को समझाया कि मामले में जो भी दोषी होगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।