अयोध्या। रामनगरी में कांवड़ियों के आने का सिलसिला मंगलवार से शुरू हो गया है। बस्ती व आसपास के जिलों से कांवड़ियों का रेला बुधवार शाम से अयोध्या पहुंचने लगेगा। सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर रोजाना वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मॉनिटिरिंग की जा रही है। कांवड़ यात्रा को लेकर रामनगरी में चारों ओर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा बलों व यातायात कर्मियों की तैनाती कर दी गई है।
12 जुलाई को शाम चार बजे से हाईवे बंद कर डायवर्जन लागू हो जाएगा। इसके लिए अयोध्या पुलिस गोरखपुर-बस्ती, गोंडा, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, बाराबंकी व अमेठी पुलिस से समन्वय बनाकर कार्य कर रही है। अयोध्या पुलिस ने हाईवे पर सभी प्रमुख प्वॉइंट पर यातायात पुलिस की तैनाती की है। वाहनों की पार्किंग के लिए अस्थायी पार्किंग तैयार है। आईजी प्रवीण कुमार व एसएसपी राजकरन नैय्यर ने मंगलवार को सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ चौकी नयाघाट पर श्रावण मास, सावन झूला मेला, कांवड़ यात्रा को लेकर बैठक की। इसमें सुरक्षा व्यवस्था व पार्किंग, यातायात व्यवस्था सढृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों ने मेला क्षेत्र व ड्यूटी प्वॉइंट का निरीक्षण भी किया।
एसएसपी राजकरन नैय्यर ने बताया कि पुलिस की सोशल मीडिया टीम द्वारा सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफाॅर्म पर पैनी नजर रख रही है। किसी तरह की अफवाह फैलाने या धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने वाली पोस्ट डालने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीजे संचालकों व कांवड समिति के साथ बैठक कर उनसे सहयोग मांगा जा रहा है। डीजे संचालकों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वह किसी तरह के अश्लील या धार्मिक भावना को चोट पहुंचाने वाले गाने या भजन को नहीं बजाएंगे।
बम-बम भोले की गूंज, झूमते-नाचते पहुंच रहे कांवड़िये
अयोध्या। बस्ती जिले के मुंडेरवा इलाके के बड़ी संख्या में कांवड़िए विभिन्न साधनों से मंगलवार को अयोध्या पहुंचे। हाईवे की सर्विस लेन होते हुए पहुंचे ज्यादातर कांवड़िये डीजे की धुन पर झूमते-नाचते दिखे। नयाघाट क्षेत्र भगवामय हो गया, साथ ही बम बम भोले के उद्घघोष से गूंजता रहा। इन शिवभक्तों ने साकेत पेट्रोल पंप के पास बने आई लव अयोध्या सेल्फी प्वॉइंट पर सेल्फी भी ली। इनमें ज्यादातर युवा शामिल रहे। कांवड़ियों के रेले में कंधे पर कांवड़ उठाए एक बच्चा व ट्राई साइकिल से अयोध्या पहुंचा दिव्यांग शिवभक्त आकर्षण के केंद्र बने रहे।