अयोध्या। महाशिवरात्रि में भगवान शंकर की पूजा और उनके प्रसाद की इच्छा घर बैठे भी पूरी हो सकेगी। अब लोग घर बैठे स्पीड पोस्ट द्वारा श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद प्राप्त कर सकेंगे।
वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि डाक विभाग और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के बीच हुए एक समझौते के तहत नए स्वरूप में मंदिर का प्रसाद स्पीड पोस्ट सेवा द्वारा लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके तहत अपने नजदीकी डाकघर से मात्र 251 रुपये का ई-मनीआर्डर प्रवर अधीक्षक डाकघर, वाराणसी (पूर्वी) मंडल के नाम भेजना होगा। ई-मनीऑर्डर प्राप्त होते ही डाक विभाग द्वारा दिए गए पते पर प्रसाद भेज दिया जाएगा।
इसके लिए भक्तों को ई-मनीऑर्डर में अपना पूरा पता, पिन कोड और मोबाइल नंबर लिखना अनिवार्य होगा।डिब्बा बंद प्रसाद टेंपर प्रूफ इनवेलप में होगा।
इससे किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जा सकेगी। इसके अलावा इसे मात्र 201 रुपये में वाराणसी सिटी डाकघर के काउंटर से भी प्राप्त किया जा सकता है।