चैत्र मास में लगने वाले अयोध्या के राम मेले में बरेली-वाराणसी जनता एक्सप्रेस का ठहराव गुरुवार से पांच मिनट कर दिया गया है। अभी तक यह ट्रेन अयोध्या में केवल दो मिनट रुकती थी। ठहराव की यह नई व्यवस्था मेला समाप्ति के एक दिन बाद तक चालू रहेगी।
इसके साथ ही मुरादाबाद बेस की वाराणसी-लखनऊ-बालामऊ के बीच प्रतिदिन चल रही पैसेंजर ट्रेन में दो अतिरिक्त यात्री कोच लगेंगे। यह ट्रेन अब तक पांच यात्री डिब्बों के साथ चल रही है। यह जानकारी मंडल परिचालन प्रबंधक कोचिंग ऋचा शर्मा ने दी।
जानकारी के मुताबिक डीओएम कोचिंग ने स्टेशन अधीक्षक से किसी एक ट्रेन में दो-दो अतिरिक्त यात्री कोच मांगने को कहा था। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए उन्होंने प्रयाग-फैजाबाद के बजाय वाराणसी-लखनऊ सवारी गाड़ी में यह सुविधा देने की मांग की।
अब इसे सात के बजाय नौ कोचों के साथ मेला अवधि तक चलाया जायेगा। इसी के साथ डीओएम कोचिंग ऋचा शर्मा ने भरोसा दिया है कि मेला चरम पर पहुंचने (पांच अप्रैल को नवमी) के आसपास अर्थात एक दिन आगे व एक दिन बाद तक प्रयाग से चलकर फैजाबाद में समाप्त होने वाली दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों का अयोध्या से संचालन शुरू हो जायेगा।