गोला बाजार चौराहे के पास मंदिर की दीवार का पड़ा मलबा।
- फोटो : अमर उजाला
सावन झूला मेले के अंतिम पर्व श्रावण पूर्णिमा पर गोलाघाट स्थित गोलाबाजार में एक मंदिर की दीवार गिर गई। इस घटना में एक श्रद्धालु समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह लगभग नौ बजे गोलाबाजार चौराहे के पास स्थित जानकी जीवन मंदिर की दीवार का एक हिस्सा गिर गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे लक्ष्मणघाट चौकी प्रभारी नंद हौसला यादव व दरोगा पारसनाथ यादव ने दीवार के मलबे के नीचे दबे दो लोगों को बाहर निकलवाया।
इस घटना में घायल कपिलदेव निषाद (50) पुत्र गोमती निषाद निवासी खुटहन दोलरिहा गोरखपुर और जग्गू (55) पुत्र सूरजलाल निवासी लक्ष्मणघाट को श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मालूम हो कि सावन झूला मेला में दो दिन पूर्व मंगलवार की देर रात तुलसीनगर स्थित यादव मंदिर की छत भरभराकर ढह गई थी। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए थे।