अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में गुरुवार शाम करीब चार बजे आयकर आयुक्त टीम के साथ जांच करने पहुंच गये।
इससे विश्वविद्यालय में हड़कंप मच गया। टीम में शामिल अधिकारियों ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन स्थित कुलपति कार्यालय एवं वित्त नियंत्रक कार्यालय समेत अन्य कार्यालय को अपने कब्जे में ले लिया व पत्रावलियों को खंगालना शुरू कर दिया।
सूत्रों के अनुसार यह जांच टीडीएस घोटाले की जांच को लेकर की जा रही है। देर शाम खबर लिखे जाने तक जांच जारी थी। कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज स्थित प्रशासनिक भवन पर भारत सरकार वित्त मंत्रालय के आयकर आयुक्त अतुल कुमार सक्सेना के नेतृत्व में चार लग्जरी वाहनों से सवार होकर करीब 18 अधिकारी-कर्मचारी गुरुवार शाम अचानक पहुंचे।
टीम ने पहुंचते ही प्रशासनिक भवन के वित्त नियंत्रक कार्यालय, कुलपति कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों को अपने कब्जे में ले लिया। महत्वपूर्ण पत्रावलियों को खंगालना शुरू कर दिया है।
थोड़ी ही देर बाद विश्वविद्यालय के डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ.सुशांत श्रीवास्तव, निदेशक प्रसार डॉ.एपी राव, विश्वविद्यालय के इंजीनियर ओम प्रकाश सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों का भी प्रशासनिक भवन पहुंचना शुरू हो गया।
सूत्र बताते हैं कि विश्वविद्यालय पर आरोप है कि कर्मचारियों के वेतन से काटा गया टीडीएस जमा नहीं किया जा रहा था। इसी की जांच की जा रही है। देर शाम तक खबर लिखे जाने तक विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में जांच जारी थी।