अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन के सभागार में गुरुवार को अपराह्न 3 बजे दीपोत्सव-2022 की तैयारियों को लेकर कुलप्रति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई।
इसमें कुलपति ने दीपोत्सव के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय का छठवां दीपोत्सव है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में विश्वविद्यालय नाम दर्ज कराने के लिए सभी को पूरी लगन के साथ सहयोग करना होगा।
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय के स्वयंसेवी राम की पैड़ी पर 16 लाख दीपक बिछाने के साथ सावधानी पूर्वक जलाएंगे। दीपोत्सव नोडल अधिकारी प्रो. अजय प्रताप सिंह द्वारा खाका खींचा जा चुका है।
चिह्नित घाटों पर 20 अक्तूबर से दीपक लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा जो 21 तक संपन्न होगा। घाटों पर दीपकों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा। एनसीसी कैडेट व सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।
कुलपति ने बताया कि दीपोत्सव को यादगार बनाने के लिए 12 से 15 अक्तूबर के मध्य जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिससे आम जनमानस को अयोध्या के ऐतिहासिक दीपोत्सव से परिचित कराया जा सके।
कुलपति ने बताया कि सभी घाटों पर मार्किंग का कार्य 17 से प्रारम्भ होकर 19 अक्तूबर तक चलेगा। इस बार का दीपोत्सव खास हो इस लिए कमेटियां बनाई गई हैं। सभी कमेटियों को कार्य आवंटित कर दिए गए है।
दीपोत्सव नोडल अधिकारी प्रो. अजय प्रताप सिंह ने बताया कि राम की पैड़ी पर दीपकों के रखरखाव के लिए स्थान चिह्नित कर लिया गया है। विश्वविद्यालय को दीपोत्सव के 15 दिन पहले तेल व दीपकों की सप्लाई हो जाएगी।
कहा कि 18 हजार स्वयं सेवियों के लिए जलपान व भोजन की व्यवस्था की गई है। इस बार के दीपोत्सव में झारखंड के आदिवासी समाज से 25 छात्र-छात्राएं स्वयं सेवी के रूप में शामिल हो रहे हैं।
अंत में कुलपति ने सभी कमेटियों के समन्वयकों से कहा कि क्रियाशीलता के साथ दीपोत्सव को भव्य बनाने में कोई कसर न छोडे़। बैठक में वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, कुलसचिव उमानाथ, प्रो.चयन कुमार मिश्र, प्रो. एसएन शुक्ल, प्रो. एसएस मिश्र, प्रो. जसवंत सिंह,प्रो. सिद्धार्थ शुक्ल, प्रो.फारुख जमाल, प्रो.आरके सिंह, प्रो.आशुतोष सिन्हा, प्रो. अनुपम श्रीवास्तव, प्रो.राजीव गौड़, प्रो.केके वर्मा, प्रो.विनोद श्रीवास्तव, प्रो.शैलेंद्र कुमार, प्रो.रमापति मिश्र, उप-नोडल अधिकारी डॉ.संग्राम सिंह, डॉ. सुरेंद्र मिश्र, डॉ. अनिल कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।