अयोध्या। जिला महिला चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना के बाद ऑक्सीजन युक्त 70 बेड कोविड की तीसरी लहर से निपटने के लिए तैयार किए गए हैं। जबकि, जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने बुधवार को जिला महिला अस्पताल और सीडीओ अनीता यादव ने जिला अस्पताल पहुंचकर निरीक्षण किया और व्यवस्थाएं ठीक करने का निर्देश दिया।
कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचाव के लिए जिला महिला अस्पताल में 80 बेड का कोविड एल-2 अस्पताल बनाया गया है। यहां पर ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट का निर्माण में पूर्व में हो चुका है। इन दिनों सभी बेडों को ऑक्सीजन प्लांट से जोड़ने का कार्य चल रहा था, यह पूरा किया जा चुका है।
जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने बुधवार को अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट व पाइप लाइन के द्वारा ऑक्सीजन आपूर्ति वाले वार्डों व बेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर चिकित्सालय के तीन वार्डों में 70 बेडों तक ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए ऑक्सीजन पाइप लाइन का कार्य पूर्ण पाया गया।
इसमें बच्चों के इलाज के लिए चयनित 30 बेड के पीआईसीयू वार्ड में उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं की जानकारी भी डीएम ने अधिकारियों से ली। निरीक्षण के दौरान डीएम ने ऑक्सीजन आपूर्ति संबंधी तीनों वार्डों में प्रत्येक बेड पर आवश्यकतानुसार चिकित्सीय उपकरणों की उपलब्धता एवं स्थापना सुनिश्चित करते हुए सभी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिया।
बताया कि जिला महिला चिकित्सालय में 21 जून से ही पांच सौ लीटर प्रति मिनट की क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट क्रियाशील है। उन्होंने कहा कि जिले में दो दिनों से कोविड-19 से संक्रमित व्यक्तियों की संख्या में वृद्धि हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए भी उन्होंने तैयारी पूरी रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सक्सेना, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरपी वर्मा सहित आदि मौजूद रहे।
वहीं, मुख्य विकास अधिकारी अनीता यादव ने भी जिला अस्पताल, राजकीय श्रीराम चिकित्सालय में बन रहे ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण देखा। जिला अस्पताल में निरीक्षण के समय सीडीओ ने कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता से निर्माण कार्य की एक-एक करके प्रगति जानी और तीव्रता से कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर जिला अस्पताल के आर्थो सर्जन डॉ. जीसी पाठक, डीपीएम रामप्रकाश पटेल व अन्य मौजूद रहे।