मिल्कीपुर। सीएचसी हैरिंग्टनगंज में शनिवार को निरीक्षण करने पहुंचे सीएमओ डॉ. अजय राजा वहां गंदगी देखकर बिफर पड़े। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को फटकार लगाते हुए साफ-सफाई की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने को कहा। इस दौरान वहां कुछ चिकित्सक और अन्य स्टॉफ अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने सभी अनुपस्थित चिकित्सकों और स्टॉफ का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
शनिवार सुबह 8:30 बजे सीएचसी पहुंचे सीएमओ को देखकर अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आननफानन सभी अपनी-अपनी सीट पर जाकर बैठ गए। सीएमओ ने सभी कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने इलाज, दवाओं, इमरजेंसी सेवाओं, साफ-सफाई, प्रसव सेवाओं और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और स्टाफ के व्यवहार की भी जानकारी ली।
इस दौरान वहां तैनात कुछ चिकित्सक और अन्य स्टाफ अनुपस्थित मिले। इस पर सीएमओ ने सभी अनुपस्थित चिकित्सकों और स्टाफ का एक दिन का वेतन काटने और स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया। इस दौरान अस्पताल में बिखरी पड़ी गंदगी को देखकर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक गुप्ता को साफ-सफाई व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।