पटरंगा। धमोरा गांव के पास गुरुवार रात एक भारी-भरकम पेड़ एचटी लाइन पर गिर गया, जिससे पेड़ तार समेत जमीन पर आ गया। इस दौरान वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
गुरुवार रात करीब 11 बजे रौजागांव-आलियाबाद संपर्क मार्ग पर भारी बारिश के कारण एक पेड़ उधर से गुजरी 11 हजार एचटी लाइन के ऊपर गिर गया, जिससे पेड़ तार समेत सड़क पर गिर गया।
विद्युत सप्लाई बंद न होने के कारण पेड़ में करंट उतर आया। इस दौरान वहां से गुजर रहे राम सुरेश (40) निवासी इचौलिया थाना पटरंगा पेड़ के नीचे झुक कर निकलने का प्रयास करने लगा, इस दौरान वह बिजली के तार की चपेट में आ गया और करंट लगने से बुरी तरह से झुलस गया।
स्थानीय लोगों ने किसी प्रकार उसे छुड़ाकर सीएचसी मवई ले गए लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पेड़ व तार गिरने की सूचना पावर कारपोरेशन को दी गई थी, यदि विभाग द्वारा सप्लाई बंद कर दी गई होती तो हादसा नहीं होता। ग्राम प्रधान धमोरा संत शरण ने बताया कि मृतक के तीन लड़के व एक लड़की है। ये सभी अभी छोटे हैं।
पावर कारपोरेशन के पटरंगा जेई राम मनोहर ने बताया कि घटना जानकारी में है। रात में लाइन पर पेड़ गिर गया था। सूचना मिलने के बाद सप्लाई रोक दी गई थी। पटरंगा थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।