पेड़ के गिरने से हाईटेंशन लाइन व पोल क्षतिग्रस्त हो गए। आबादी के बीच करंट प्रवाहित हो रही हाईटेंशन लाइन के गिरने से इसके चपेट में कोई नहीं आने से बड़ा हादसा होते-होते बच गया।
लाइन क्षतिग्रस्त होने से आधी अयोध्या अंधेरे में डूब गई है। सूचना पर पावर कॉर्पोरेशन कर्मी लाइन को बंद कर आपूर्ति सुचारु करने में जुट गए हैं।
क्षेत्रवासियों के अनुसार सरयू तट स्थित ऋणमोचन घाट के पास ऋणमोचन विद्युत उपकेंद्र के पास बृजमोहन कुंज के सामने से जा रही 11 हजार केवीए की हाईटेंशन लाइन पर विशालकाय पाकड़ का पेड़ सोमवार शाम करीब आठ बजे अचानक भरभरा कर गिर गया।
पेड़ के गिरने से हाईटेंशन लाइन के चार पोल और लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। लाइन में करंट प्रवाहित हो रहा था लेकिन इस दौरान इसके आसपास किसी के न होने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
सूचना पर उपकेंद्र से लाइन पर प्रवाहित हो रहे करंट को बंद कर अफसरों व कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और लाइन को ठीक करने में जुट गई है।
लाइन के क्षतिग्रस्त होने से टेढ़ीबाजार, विभीषण कुंड, दुराही कुआं, ब्रह्मकुंड गुरुद्वारा, चक्रतीर्थ, प्रह्लाद घाट, अशर्फी भवन, राजघाट, कटरा, गोलाघाट आदि क्षेत्रों समेत लगभग आधी अयोध्या में बिजली गुल होने से अंधेरा छा गया है।
अवर अभियंता रामशंकर पाल ने बताया कि पेड़ के गिरने से हाईटेंशन लाइन में प्रवाहित करंट को डिस्कनेक्ट कर पेड़ को हटाकर लाइन को ठीक करने का काम शुरू कर दिया गया है।