अयोध्या। मतदान केंद्रों के पोलिंग बूथ पर चल रहे मतदान का लाइव नजारा घर बैठे भी मिल सकेगा। भारत निर्वाचन आयोग ने इस बार जिले के 60 फीसदी बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की है। लाइव प्रसारण के साथ ही इसकी जरिए बूथों पर सुरक्षा की भी दोहरी निगरानी होगी।
मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गयी है। इसके साथ ही आयोग ने लगभग साढ़े तीन सौ से ज्यादा मतदान केंद्रों पर माइक्रो आब्जर्वर भी तैनात किए हैं। इनके जिम्मे लगभग सात सौ बूथ रहेंगे।
अन्य मतदान केंद्रों पर तीसरी नजर के जरिए नजर रखे जाने की व्यवस्था की गई है। बताया गया है कि पिछले चुनाव में ऐसे लगभग 25 फीसदी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई थी। इस बार आयोग ने जिले में 50 फीसदी बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की थी लेकिन मतदान के कुछ ही दिन पूर्व इसे बढ़ाकर साठ फीसदी किया जा रहा है।
वेब कास्टिंग में मतदान केंद्र पर गेट से घुसने के साथ ही बूथ का नजारा साफ दिखता है। यह नजारा निर्वाचन आयोग के वेबसाइट पर जाकर देखा जा सकता है। इससे दिल्ली, लखनऊ में बैठे आयोग के अफसरों के साथ दूसरे लोग भी मतदान कार्य की पवित्रता व शुचिता को देख सकेंगे। प्रशासन ने जिले में बनाए गए आदर्श बूथ, पिंक बूथ जैसे अन्य बूथों को इस व्यवस्था के तहत समेटा है।
जिले के 60 फीसदी बूथों अर्थात 1297 बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। आम लोग भी इसे देख सकते हैं। इससे चुनाव की पारदर्शिता झलकेगी।
अमित सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकार