अयोध्या। होटल एवं रेस्टोरेंट में एकरूपता लाने और उनकी गुणवत्ता में सुधार के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की रैंकिंग कर रहा है। इस कड़ी में मंगलवार को दस रेस्टोरेंट का परीक्षण विभाग की टीम ने किया। जिसमें शहर के पांच रेस्टोरेंट मानक पर खरे नहीं पाए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग रेस्टोरेन्ट का फ्रन्ट लुक, वहां बैठने की व्यवस्था, किचन संचालन की व्यवस्था, टॉयलेट/हैण्डवाश, वाश वेसिन की व्यवस्था और रेस्टोरेन्ट में कार्यरत फूड हैण्डलर्स की प्रापर ड्रेस को देखते हुए रैंकिंग कर रहा है। इस आधार पर विभाग की टीम ने जो परीक्षण किया है। उसमें अयोध्या धाम जोन के हनुमन्त रेस्टोरेन्ट, कनक रसोई, श्री राम होटल एण्ड रेस्टोरेन्ट, आरबीएस होटल एण्ड रेस्टोरेन्ट और नमो-नमो रेस्टोरेन्ट को मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। जबकि , पांच रेस्टोरेंट को उच्च पायदान के मानक के अनुरूप पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त मानिक चंद्र ने बताया कि जिन पांच रेस्टोरेंट में मानक के अनुरूप इंतजाम नहीं पाए गए हैं। उन्हें 15 कार्यदिवस के भीतर सुधार करने की हिदायत दी गई है।