अयोध्या। इमरजेंसी ड्यूटी के बाद बुखार, गले में खरास व खांसी की समस्या के बाद जिला अस्पताल के ईएमओ को भी मेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन किया गया है। उनका इलाज किया जा रहा है। हालांकि, अब डॉक्टर की सेहत में सुधार है और महकमा जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।
डॉ. वीरेंद्र वर्मा जिला अस्पताल में इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) के पद पर तैनात हैं। मंगलवार को इमरजेंसी ओपीडी में उनकी ड्यूटी थी। इस दौरान पहुंचे फ्लू के कुछ मरीजों का उन्होंने इलाज किया। इसके अलावा कुछ को जिला अस्पताल से रेफर भी किया था।
ड्यूटी के बाद उन्हें बुखार के साथ खांसी, गले में खरास सहित अन्य समस्याएं हुईं तो सामान्य दवाएं लेने के बाद बुधवार को वे मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर पहुंचे, जहां उन्हें क्वारंटीन वार्ड में भर्ती कर लिया गया। टीम ने जांच के लिए उनका नमूना बुधवार को ही भेज दिया गया लेकिन अभी तक रिपोर्ट नहीं मिल सकी है।
डॉ. वीरेंद्र वर्मा ने दूरभाष पर बताया कि ओपीडी में मरीजों के संपर्क में थे और लक्षण भी वैसा ही प्रतीत हुआ तो भर्ती हो गए। दवाएं लेने के बाद अब सेहत में सुधार है। बस, जांच रिपोर्ट का इंतजार है। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर विजय कुमार ने बताया कि अभी तक हालत बेहतर लग रही है। नमूना जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट का इंतजार है।