अयोध्या। जिले के 34 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को हुए आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 5195 मरीजों का इलाज किया गया। मौके पर इलाज न होने से 126 रोगियों को हायर सेंटर रेफर किया गया। साथ ही शिविरों में 148 गोल्डन कार्ड बनाए गए। विश्व महिला दिवस के मौके पर आयोजित आरोग्य मेलों का शुभारंभ महिलाओं से कराया गया।
ग्रामीणांचल के 28 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं छह नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित किया गया। जिले भर में 118 चिकित्सक व 639 पैरा मेडिकल स्टॉफ की तैनाती की गई थी, जहां 5195 मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।
इनमें 2695 महिला, 1447 पुरुष व 1053 बच्चे शामिल रहे। रविवार को लगे सभी शिविरों में लीवर के 238, सांस के 415, पेट रोग के 596, मधुमेह के 252, चर्मरोग के 536 सहित अन्य ने स्वास्थ्य लाभ लिया। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. रुकुम केश ने दर्शननगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित आरोग्य मेले का निरीक्षण किया। यहां पर 166 मरीजों का इलाज किया गया। इस मौके पर सीएमओ डॉ घनश्याम सिंह, डीपीएम रामप्रकाश पटेल व अन्य मौजूद रहे।
बीकापुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोछा बाजार में 190 मरीजों का उपचार किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौरे बाजार में उप जिलाधिकारी प्रशिक्षु आईएएस जयेंद्र कुमार ने मेले में पहुंचकर निरीक्षण किया और स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यप्रणाली देखा। यहां 146 मरीजों की ब्लड प्रेशर, शुगर आदि जांच की गई। इस मौके पर डॉ अजय सिंह, डॉ शादाब, डॉ प्रतीक्षा वर्मा, डॉ राम नाथ आदि मौजूद रहे।
रुदौली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऐहार पर मेले का उद्घाटन ग्राम प्रधान श्यामा देवी और डॉक्टर फहरीन ने किया। मेले में बाल विकास पुष्टाहार केंद्र रुदौली का पोषण पखवारा मनाया गया। विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्र में अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए कार्य कर रही है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऐहार में 850 मरीज का पंजीकरण किया गया। 21 मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इस मोके पर प्रभारी सीडीपीओ सिद्धिदात्री पांडेय, डॉ फहीम, डॉ फहरीन, डॉ इकमाल, रजनीश मिश्रा आदि मौजूद रहे।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगंज में आयोजित मेले में बतौर मुख्य अतिथि विधायक इंद्रप्रताप तिवारी खब्बू ने कहा कि महिलाओं का सम्मान करना भारतीय संस्कृति की झलक है। वेदों व पुराणों में महिलाओं को देवी स्वरूप आराध्य मानकर युगों से पूजा की जा रही है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य के हितों की रक्षा करना सभी का धर्म है। कार्यक्रम में किशोरियों को पोषक तत्वों से भरपूर फल प्रदान किया और शिशुओं को पोषक आहार पिलाया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा पोषाहार से बनाये गये विभिन्न प्रकार के मिष्ठान पोषक आहार रखे गये थे। इस दौरान ग्राम प्रधान दिलीप सिंह, देवराज तिवारी, सुनीता वर्मा, शीला सिंह, चंद्रावती, पोषण सखी अनुपमा सिंह आदि मौजूद रहे।