हाईवे खुला, सावन के दूसरे सोमवार को लेकर लागू रहेगा डायवर्जन
-रामनगरी में वाहनों के प्रवेश पर रहेगा प्रतिबंध
-स्नान घाट, नागेश्वरनाथ समेत प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था सख्त
संवाद न्यूज एजेंसी
अयोध्या। कांवड़ यात्रा को लेकर 12 जुलाई की शाम चार बजे से बंद गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग रविवार दोपहर 12 बजे खोल दिया गया। इसके बाद आवागमन सुचारू हो गया। वहीं सावन के दूसरे सोमवार को लेकर पूर्व में निर्धारित डायवर्जन लागू रहेगा। इसको लेकर अयोध्या में कांवडि़यों के वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों को अयोध्या में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
स्नान घाट, नागेश्वरनाथ समेत अन्य शिवालयों व प्रमुख मठ मंदिरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भीड़ बढ़ने पर हाईवे की एक लेन को सुरक्षित किया जाएगा। अयोध्या धाम में ट्रैफिक डायवर्जन 18 जुलाई को भीड़ रहने तक लागू रहेगा। साकेत पेट्रोल पंप, हनुमान गुफा के आसपास अस्थाई पार्किंग बनाई गई है। यहां यातायात कर्मियों की तैनाती कर दी गई है। वहीं, सरयू स्नान घाट, नागेश्वरनाथ, हनुमानगढ़ी समेत प्रमुख मठ मंदिरों व शिवालयों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां आरएएफ, पीएसी व सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है। राम की पैड़ी स्थित नागेश्वरनाथ मंदिर पर चार स्तरीय बैरिकेडिंग की गई है।
श्रद्धालुओं का जत्था बनाकर एक-एक कर उन्हें मंदिर के अंदर प्रवेश दिया जाएगा। सरयू स्नान घाट पर नदी के पास बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोका जाएगा। मेला सुरक्षा अधिकारी व एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि मेला क्षेत्र को छह जोन व 22 सेक्टर में बांटा गया है। सभी बैरियरों, प्रवेश द्वार, प्रमुख मठ मंदिरों पर सुरक्षा बल तैनात हैं।
मुस्तैद रहे सुरक्षाकर्मी, अफसर लेते रहे हालचाल
12 जुलाई से राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के बाद से हाईवे समेत सभी बैरियरों पर सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहे। अस्थाई पार्किंग, हाईवे पर यातायातकर्मी मशक्कत करते रहे। आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी राजकरन नैय्यर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी देर रात तक सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते रहे। एसएसपी ने बताया कि कांवड़ियों को सुरक्षा का एहसास दिलाने में हम सफल रहे। कहीं से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। सुरक्षाकर्मियों ने मित्र पुलिस की भूमिका निभाई।