अयोध्या में बारिश के दौरान एसपी ग्रामीण आवास पर भरा पानी।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। लगातार हो रही बारिश से बुधवार को शहर से लेकर देहात तक सड़कें व गलियां लबालब हो गईं। जिले में शाम तक औसत 70 मिमी. बारिश रिकार्ड की गई, जबकि सोहावल क्षेत्र में सर्वाधिक 98 मिमी. बारिश रिकार्ड हुई।
इस दौरान कई कॉलोनियों में पानी भर गया। सरकारी दफ्तर भी पानी से लबालब रहे। पटरंगा के पास लखनऊ हाईवे पर पेड़ गिरने से चार घंटे तक यातायात बाधित रहा। कई जगह पोल टूटने से बिजली आपूर्ति ठप रही।
मवई ब्लॉक क्षेत्र में बुधवार भोर से हो रही तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। बारिश होने पर तमसा नदी में जल प्रवाह तेज हो गया। दूसरी तरफ कामाख्या भवानी के निकट उरेर मऊ पुल के पास गड्ढा हो गया।
महमूद मऊ गांव के निकट विद्युत पोल उखड़ गया। कई घंटे आपूर्ति बाधित रही। वहीं पटरंगा में लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर सुबह 11.30 बजे एक पेड़ गिर गया।
गनीमत तो यह रही कि उस समय कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। करीब चार घंटे तक यातायात बाधित रहा। बारिश के चलते शाहगंज में बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के सामने जलभराव हो गया।
सुचितागंज में कई सरकारी-अर्ध सरकारी प्राथमिक विद्यालयों सहित कई गांवों में पानी भर गया। तहसील मुख्यालय पर बना अधिवक्ता भवन, परिसर में जलभराव के चलते बुधवार को सन्नाटा पसरा रहा।