अयोध्या। लॉकडाउन के दौरान जहां एक और जनपद की पुलिस सुरक्षा के साथ-साथ लोगों की सेवा करने में जुटी हुई है। वहीं दो सिपाही पुलिस की छवि बदनाम करने पर तुले हैं। ऐसी एक घटना गुरुवार शाम अयोध्या कोतवाली के रायगंज चौकी क्षेत्र में घटी। जहां नशे में धुत दो सिपाहियों ने पहले सादी वर्दी में बाद में वर्दी में आकर उत्पात मचाया।
प्रभारी एसएसपी ने दोनों सिपाहियों के खिलाफ निलंबन की संस्तुति की हैं। दोनों सिपाही बिजनौर जिले में तैनात हैं, जो वर्तमान में अयोध्या के यलो जोन में ड्यूटी कर रहे हैं। मामले की रिपोर्ट एसपी बिजनौर को भी भेजी गई है।
गुरुवार शाम अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के रायगंज चौकी अंतर्गत जैन मंदिर तिराहे पर दो युवक शराब के नशे में धुत होकर घूम रहे थे। यह देख स्थानीय लोगों ने लॉकडाउन लागू होने का हवाला देते हुए घर जाने को कहा।
साथ ही रामनगरी के ड्राई एरिया में शराब पीकर आने के साथ दुकानें बंद के बावजूद शराब कैसे पी, यह सवाल भी पूछा। इतने में दोनों युवक भड़क उठे और स्थानीय लोगों से विवाद करते हुए अपने आप को पुलिसकर्मी बताकर मारपीट शुरू कर दी। कहा कि अभी आता हूं। फिर बताता हूं। इसके कुछ ही देर बाद दोनों युवक पुलिस की वर्दी पहनकर चौराहे पर पहुंचे और वहां पर आ जा रहे लोगों को पीटना शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना रायगंज पुलिस चौकी को दी, मौके पर पुलिस पहुंची तो दोनों फरार दोनों चेतावनी देते हुए बाइक से चले गए। इसका वीडियो वायरल होने पर प्रभारी एसएसपी ने जांच के निर्देश दिए।
मौके पर पहुंचे रायगंज चौकी इंचार्ज जेएन त्रिपाठी ने बताया कि दोनों सिपाही रायगंज पुलिस चौकी मैं तैनात नहीं है, दोनों बिजनौर में तैनात है और वर्तमान में राम जन्मभूमि के यलो जोन की ड्यूटी में कार्यरत है। बताया कि यह दोनों सिपाही रायगंज चौकी क्षेत्र के जैन मंदिर के बगल एक मकान में किराए पर रहते हैं, इनके खिलाफ जांच कर अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है।
प्रभारी एसएसपी व एसपी सिटी विजय पाल सिंह ने बताया कि सिपाहियों की पहचान कर ली गई है। आरक्षी नागेेंद्र चौधरी व आरक्षी सुनील की नियुक्ति जनपद बिजनौर से वर्तमान में येलो जोन में है। गुरुवार की शाम करीब 6 बजे दोनों आरक्षियों द्वारा बवाल करने के आरोप में को तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्यवाही हेतु रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक बिजनौर को भेजी जा रही है। साथ ही दोनों आरक्षियों को संबंधित जनपद वापस भेजा जा रहा हैं।