अयोध्या। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले के स्कूल-कॉलेजों को 22 मार्च तक बंद कर दिया गया है। इसी के साथ बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से 17 मार्च से होने वाली परिषदीय स्कूलों की परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गईं हैं। हालांकि जिले में अब तक कोई कोरोना का कोई संदिग्ध मरीज नहीं मिला है। फिर भी एहतियात बरतते हुए सावधानी बरती जा रही है।
लखनऊ में हुई घोषणा के बाद जिले में भी कोरोना वायरस को लेकर स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। बताया गया है कि स्कूल व कॉलेज 22 मार्च तक बंद रहेंगे। 23 मार्च को खोले जाएंगे। सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि जिले में अब तक कोरोना का कोई संदिग्ध मरीज नहीं पाया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष देव पांडेय ने बताया कि कोरोना के चलते स्कूल-कॉलेज 22 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग में 17 मार्च से परीक्षाएं शुरू होनी थीं लेकिन उन्हें स्थगित कर दिया गया है। अब परीक्षा 23 मार्च के बाद कराई जाएंगी।