फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हनुमान जयंती पर उत्सव में डूबी हनुमानगढ़ी

Tue, 10 Nov 2015 10:47 PM IST
फैजाबाद/अमर उजाला ब्यूराे
विज्ञापन
विज्ञापन
आरति कीजै हनुमान लला की, दुष्ट दलन रघुनाथ कला की...। मध्य रात्रि की दस्तक के साथ समूची रामनगरी बजरंगबली के जयकारों से सराबोर हो गई। घंटे-घड़ियाल की गूंज व पटाखों के धमाकों के बीच हनुमत लला के जन्म का उल्लास मठ-मंदिरों से सड़कों तक दिखा।
विज्ञापन


जयंती पर्व पर बजरंगबली की प्रधानतम पीठ हनुमानगढ़ी आस्था के केंद्र में रही। पूर्व संध्या से ही शुरू उत्सव का सिलसिला जन्म का मुहूर्त करीब आने के साथ ही शिखर की ओर बढ़ता गया। आराध्य के सर्वाधिक प्रिय दूत की जयंती का मौका होने के कारण भोर से ही दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। सायं तक यह पूरी तरह से प्रगाढ़ हो उठा। मंदिर के जगमोहन सहित सीढ़ियां और प्रांगण का कोना-कोना दर्शनार्थियों से पटता चला गया। संध्या और शयन आरती के नित्य नियम के दौरान श्रद्धालुओं ने आस्था के ज्वार में डुबकी लगाई पर वे इतने से ही तृप्त नहीं रहे।

हनुमत लाल के जन्मोत्सव की प्रतीक्षा में हजारों श्रद्धालु देर रात तक उनके दरबार में डटे रहे। मंदिर में जयंती पर हनुमत लला जी का दूध, दही, सरयू जल, इत्र आदि से अभिषेक किया गया। अंजनी नंदन के जन्मोत्सव की रस्म पूरी की गई। हनुमान जी के पसंदीदा फूल गेंदा की बहुतायत के बीच भांति-भांति के फूलों की झांकी से मंदिर का प्रांगण आच्छादित किए जाने के साथ समृद्धि और सौंदर्य की बानगी स्वरूप हनुमान जी को भी स्वर्ण आभूषणों से पूरे समर्पण के साथ सुसज्जित किया गया था। ठीक बारह बजे पट खुला और दर्शनार्थी श्रद्धा के अतिरेक और हनुमत लला के वैभव में जैसे खो से गए। करीब 15 मिनट तक चली आरती के दौरान दर्शक मंत्र मुग्ध से आस्था स्फुरित करते रहे।
विज्ञापन



नगरी के अन्य मंदिरों में भी भक्त शिरोमणि हनुमान जी के प्रति अनुराग की धुन गूंजी। हनुमान बाग, हनुमत सदन, हनुमत भवन, वीर हनुमान, पंचमुखी हनुमान आदि मंदिरों में हनुमत लला का जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों में आराध्य के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें