लखनऊ-वाराणसी रेल प्रखंड पर सोमवार सुबह एक युवक का रेल की पटरी पर संदिग्ध हालात में कटा शव मिला। थोड़ी दूर पर खड़ी बाइक के आधार पर उसकी शिनाख्त हुई। मृतक के हाथ-पैर में रस्सी बंधी पाई गई है। युवक पूराबाजार का रहने वाला है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ जांच शुरू कर दी है। गोसाईगंज रेलवे स्टेशन के आउटर बरदही बाजार के पास सोमवार सुबह 8 बजे 25 वर्षीय एक युवक के कटने की सूचना पर गोसाईगंज पुलिस मौके पर पहुंची।
युवक की मोपेड गाड़ी खड़ी थी, इसके पंजीकरण के आधार पर छानबीन में मृतक की शिनाख्त पूरा बाजार निवासी मुकेश गुप्ता पुत्र देवीलाल के रूप में हुई। सूचना पर उसके परिवारीजन मौके पर पहुंच गए। शव का हाथ-पैर रस्सी से बंधा था।
थानाध्यक्ष शाह आलम ने बताया कि स्थानीय लोगों ने सुबह देखा कि मोपेड सवार युवक रेलवे लाइन के करीब पहुंचा और अपनी गाड़ी किनारे खड़ी कर उधर से गुजर रही ट्रेन के आगे लेट गया। ट्रेन ऊपर से गुजरने के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रैक पर युवक का शव देख किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी तो मौके पर पहुंचे। आशंका जताई कि उसने आत्महत्या के पूर्व अपने हाथ-पैर बांध लिये होंगे। जांच में सामने आया है कि युवक गृह कलह से परेशान था।
घर वालों का कहना है कि सुबह घर से झगड़ा करके निकला था। मामले को आत्महत्या में दर्ज किया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की पड़ताल की जा रही है। उधर, पोस्टमार्टम हाउस में परिवारीजनों में कोहराम मचा रहा। मुकेश की इसी साल फरवरी माह में शादी हुई थी।