गोसाईगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा देवापुर में मंगलवार सुबह हैंडपंप में करंट उतरने से चपेट में आई एक किशोरी की मौत हो गई। प्रधान की मौजूदगी में पंचनामा कर परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मंगलवार सुबह गांव निवासी हृदयराम की 18 वर्षीय पुत्री संजू बाला कपड़े धुलने के लिए घर के पास लगे हैंडपंप पर गई थी। जैसे ही उसने पानी भरने के लिए हैंडपंप पकड़ा वैसे ही वह करंट की चपेट में आ गई और वही गिर पड़ी।
ग्रामीणों की गोहार पर पहुंचे परिवारीजनों ने किशोरी को एक निजी चिकित्सक के पास लेकर गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिवारीजनों ने बताया कि हैंडपंप में मोटर लगा था जिसमें उतरे करंट से पुत्री की मौत हो गई। प्रधान शोभाराम की मौजूदगी में पंचनामा कर परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।