गुमनामी बाबा उर्फ भगवनजी की जांच के लिए गठित जांच आयोग की पहली बैठक एक सितंबर को होगी। यह बैठक फैजाबाद स्थित आयोग के कैंप कार्यालय में होगी। आयोग के अध्यक्ष इस बाबत जानकारी देने वालों से भी सर्किट हाउस में मुलाकात करेंगे।
स्वर्गीय गुमनामी बाबा उर्फ भगवनजी जांच आयोग के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति विष्णु सहाय एवं आयोग के सचिव दिलीप कुमार व अन्य अफसरों की पहली बैठक यहां बने कैंप कार्यालय में एक सितंबर को होगी। आयोग के अध्यक्ष सुबह साढ़े नौ बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे।
साढ़े दस बजे कैंप कार्यालय का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद आयोग के संबंध में जन सामान्य से मुलाकात और अभिलेखों के निरीक्षण के लिए दोपहर 12 से 2 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
एडीएम सिटी वीके पांडेय के मुताबिक, यदि किसी व्यक्ति या संस्था को आयोग के संबंध में अपनी कोई बात कहनी है या कोई अभिलेख प्रस्तुत करना है तो वह अध्यक्ष से सर्किट हाउस में मिल सकता है। अपराह्न 2 से 3 बजे तक का समय रिजर्व होगा। अपराह्न 3 से 5 बजे तक रामभवन एवं संग्रहालय का निरीक्षण करेंगे।