अयोध्या। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने खाद्य तेलों में मिलावट की रोकथाम, ट्रांस फैटी एसिड की मात्रा के आंकलन व खुले खाद्य तेलों की बिक्री की रोकथाम के के लिए बुधवार को जिले के विभिन्न इलाकों में जांच अभियान चलाया।
इस दौरान एक कारखाने से तेल, साबुत हल्दी व हल्दी पाउडर का नमूना लिया। साथ ही 18140 रुपये मूल्य का सरसों तेल जब्त किया गया है।
सहायक आयुक्त खाद्य मानिक चंद्र के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश मिश्र की टीम ने बुधवार को सिविल लाइन स्थित मोदहा पर संचालित विष्णु शांति इंटरप्राइजेज पर छापा मारा।
इस दौरान खाद्य तेल के तीन, साबुत हल्दी का एक व हल्दी पाउडर का एक नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान संदिग्ध मिलने पर 86 लीटर सरसों का तेल जब्त किया गया। इसमें खुला तेल 26 लीटर व पैक्ड तेल 60 लीटर है।
जब्त किए तेल की कीमत 18140 रुपये बताई गई है। इसके बाद टीम ने सिविल लाइंस स्थित विशाल मेगा मार्ट से सरसों का तेल, कनोला तेल, सोयाबीन तेल, रिफाइंड, मूंगफली के तेल, लाल चिली सॉस का नमूना भरा।
सहायक आयुक्त मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि खुले व पैक्ड तेलों के लिए इस समय अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान एक से 14 अगस्त तक चलेगा। निरीक्षण के समय खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल, उमेशचंद्र, सत्यम भारती, रमेश चंद्र, नीरज चौधरी व अन्य मौजूद रहे।