वाजिदपुर गांव में धू-धूकर जलता मकान।
- फोटो : अमर उजाला
पटरंगा थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में शुक्रवार को लगी आग में चार घरों का गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। हादसे में 12 बकरियां जलकर मर गईं। आग बुझाने में छत से गिर पडे़ एक युवक का पैर टूट गया। जिसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दूसरी घटना में एक ट्रॉली भूसा और छह बीघा गेहूं जलकर राख हो गया।
वाजिदपुर गांव निवासी सीताराम के घर में सुबह करीब 10 बजे शॉर्टसर्किट से अचानक आग लग गई। जब तक लोग हल्ला-गुहार सुनकर एकत्र होते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिसकी चपेट में आने से सीताराम के घर में बंधी 12 बकरियां जलकर मर गईं और घर में रखे तीन हजार रुपये सहित पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई।
जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते हवा के झोकों से आग ने बाबादीन, प्रदीप व राकेश के घर को अपनी आगोश में ले लिया। चारों घरों में हजारों का सामान जलकर राख हो गया। बाबादीन के छप्पर के नीचे बंधी गाय आग की चपेट में आने से झुलस गई। दिनेश गुप्ता छत से आग बुझाने के लिए पानी फेंक रहा था। आग की लपटों को ऊपर आता देख वह छत से कूद पड़ा।
जिसमें उसका दाहिना पैर दो जगह से टूट गया। ग्रामीणों ने उसे सीएचसी रुदौली भेजवाया जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल रामबरन क्षति का आकलन किया।
दूसरी घटना अलियाबाद रौजागांव मार्ग पर हुई।
शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे पटरंगा के वाजिदपुर गांव से भूसा लेकर रौनाही के चिर्रा मोहम्मदपुर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में सुलेमानपुर के पास अचानक आग लग गई। जिससे ट्रॉली पर लदा भूसा ट्रॉली समेत जल गया। आग लगने के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग निकला।
वहीं आग की चपेट में आने से सगीर व राम प्रसाद का लगभग छह बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। थानाध्यक्ष रमाकांत प्रजापति ने बताया कि आग बुझाकर रास्ता चालू करा दिया गया है।