पूराकलंदर थाना क्षेत्र के मोइय्या कपूरपुर ग्रामसभा के मजरे बाबा का पुरवा में मंगलवार दोपहर लगी आग में चार परिवारों की गृहस्थी जल कर राख हो गई। आग की चपेट में आने से एक बकरी का बच्चा जलकर मर गया। पीड़ित परिवारों को पास अन्न का एक दाना भी नहीं बचा है।
मोइय्या कपूरपुर गांव में रोहित के घर में मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने गुदुन निषाद, सीताराम निषाद, शालिक राम निषाद के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी भयानक थी कि चार ग्राम सभाओं के लोग और रौनाही फायर ब्रिगेड को आग बुझाने में लगभग तीन घंटे का समय लग गया।
गुदुन व सीताराम के घर का राशन, बिस्तर, नकदी, कपड़ा सब जल गया। गुदुन के घर में बंधा बकरी का बच्चा आग की चपेट में आकर मर गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
ग्रामीणों की माने तो तेज हवा के चलते आग ने गांव में तांडव मचाया। एसडीएम सोहावल अमित सिंह ने बताया कि राजस्व निरीक्षक को मौके पर नुकसान के आंकलन के लिए भेजा गया है। प्रशासन अग्नि पीड़ितों को शीघ्र ही राहत वितरित करेगा।