पटरंगा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर बाइक सवार दो युवकाें को एसयूवी ने टक्कर मार दी। पुलिस ने घायलों को सीएचसी रुदौली भेजवाया। टक्कर मारने वाले एसयूवी वाहन का चालक वाहन लेकर भाग निकला। उधर, बीकापुर के धोबना चौराहे पर बाइक सवार दंपती को एक अन्य एसयूवी ने टक्कर मार दी। घायल दंपती को सुल्तानपुर जिला अस्पताल ले जाया गया।
पटरंगा में हाईवे पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे बाइक सवार अजय कुमार दूबे व अनंतराम निवासी ग्राम बेलपुर थाना असंदरा जिला बाराबंकी बाइक से लखनऊ की ओर जा रहे थे। मटौली गांव के पास तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक को टक्कर मार दी।
बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोेगों की सूचना पर पहुंची हाईवे चौकी पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजवाया। हाईवे चौकी प्रभारी सुधांशु यादव ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है। एसयूवी वाहन का पता नहीं चल सका।
उधर, शनिवार को हैदरगंज थाना क्षेत्र के तिवारीपुर निवासी धीरेंद्र तिवारी अपनी पत्नी के साथ बाइक से सुल्तानपुर जा रहे थे। धोबना चौराहे के पास विपरीत दिशा से आ रही एसयूवी ने टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने दोनों को पीएचसी हैदरगंज पहुंचाया। जहां डॉक्टर के न होने पर घायल दंपती को सुल्तानपुर जिला अस्पताल ले जाया गया।