अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र के जुबेर गंज ओवरब्रिज के निकट गुरुवार शाम को सोहावल रजिस्ट्री दफ्तर से फैजाबाद स्थित अपने घर जा रहे एक स्टांप विक्रेता से साढ़े चार लाख रुपये लूटने का मामला प्रकाश में आया है।
विक्रेता को चोट भी आई है। उसका इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। हालांकि, पुलिस मामले को अभी संदिग्ध बता रही है और पीड़ित से पूछताछ की जा रही है।
रौनाही थाना क्षेत्र के सोहावल स्थित रजिस्ट्री दफ्तर में फैजाबाद शहर निवासी लियाकत अली स्टांप विक्रेता का कार्य करता है। वह गुरुवार शाम करीब पांच बजे वह सोहावल से अपने घर आ रहा था।
जुबेर गंज बाजार के निकट ओवर ब्रिज के पास उसे एक मैजिक वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह बाइक समेत हाईवे पर गिर गया। इस बीच बाइक सवार दो लोग उनका बैग लेकर फरार हो गए, जिसमें साढ़े चार लाख रुपये बताए गए हैं।
टक्कर से उसे चोटें भी आई और वह जिला अस्पताल पहुंचा, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना पर सीओ सदर शैलेंद्र गौतम भी जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़ित से मामले की जानकारी की।
सीओ सदर शैलेंद्र गौतम ने बताया कि घटना पांच बजे की बताई जा रही है और पुलिस को काफी विलंब से सूचित किया गया है। जहां दुर्घटना बताई जा रही है, वहां तहकीकात कराई गई तो किसी तरह के दुर्घटना की पुष्टि नहीं हुई है।
इसलिए मामला पूरी तरह संदिग्ध लग रहा है, फिर भी पीड़ित से पूछताछ की जा रही है। मामला सही मिलने पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।