संवाद न्यूज एजेंसी
रुदौली। रुदौली क्षेत्र के बहुचर्चित सोनू हत्याकांड में फरार चल रहे दो आरोपी सूफियान व इरशाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी मुस्तकीम को जेल भेजा जा चुका है। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद एक और खुलासा हुआ है।
पुलिस ने बताया कि बाराबंकी के खेतासराय निवासी सोनू को जाल में फंसाकर भेलसर बुलाने में सूफियान की भूमिका रही। वह फेसबुक मैसेंजर पर मुस्कान बनकर लड़की की आवाज में बात करता था। उसने मुस्कान बनकर पहले सोनू को प्यार के जाल में फंसाया फिर भेलसर में मिलने के बहाने उसे घटनास्थल तक बुलाया। जहां पहले से मौजूद मुस्तकीम व इरशाद ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। बता दें कि सोनू चौहान की शनिवार की शाम करीब 4:30 कोतवाली रुदौली क्षेत्र के दलसराय चौराहे के समीप शारदा सहायक नहर पर हत्या कर दी गई थी।
हत्या के लिए एक माह से रच रहे थे साजिश
रुदौली सीओ सतेंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि हत्याकांड में मुस्तकीम मास्टरमाइंड है। वह एक माह से सोनू की हत्या का साजिश रच रहा था। वह जानता था कि सोनू आशिक मिजाज युवक है। इसलिए मुस्तकीम ने एक माह पहले मोबाइल पर मुस्कान नाम की एक आईडी बनाई और फेसबुक मैसेंजर से सोनू से बात करता था। बातचीत के दौरान सोनू कथित मुस्कान के प्यार में पागल हुआ और मिलने की जिद करने लगा था। सीओ ने बताया कि सूफियान की आवाज लड़कियों जैसी है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।