आबकारी सिपाही स्क्रीनिंग परीक्षा रविवार को सकुशलपूर्ण संपन्न हो गई। परीक्षा की शुचिता के मुकम्मल बंदोबस्त प्रशासन की ओर से किए गए थे। कुल 17 हजार 636 अभ्यर्थियों में से चार हजार नौ सौ 39 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के नोडल प्रभारी एडीएम वित्त एवं राजस्व जयशंकर त्रिपाठी ने बताया कि कुल अभ्यर्थियों में 70 प्रतिशत की उपस्थिति रही।
जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण नकलविहीन परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों को 11 सेक्टर में बांटकर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती किया था। इसके साथ ही प्रत्येक केंद्र पर एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की भी ड्यूटी थी। 33 केंद्रों में दो पालियों में परीक्षा हुई।
पहली पाली की परीक्षा 10 से साढ़े 11 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा डेढ़ से तीन बजे तक हुई। मनोहर लाल इंटर कॉलेज में प्रथम पाली में छह सौ परीक्षार्थियों में से 436 उपस्थित रहे। यहां के प्रिंसिपल एके त्रिपाठी ने बताया कि 164 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। केंद्रों पर 17676 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी लेकिन 4939 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।