अयोध्या। पान मसाला व्यापारी के पुत्र शुभम चौरसिया अपहरण व हत्याकांड में पुलिस ने वारदात में शामिल पांच और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने हत्याकांड के प्रयोग की गई कार, मोटर साइकिल व आला कत्ल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सुशांत पांडेय को गुरुवार को गिरफ्तार किया था।
एसपी सिटी विजय पाल सिंह ने बताया है कि 8 मार्च को करुणानिधान चौरसिया पुत्र स्व. अर्जुन प्रसाद निवासी रामबाग हाता, नयाघाट उर्दू बाजार थाना कोतवाली अयोध्या ने सूचना दी थी कि उनका पुत्र शुभम चौरसिया (25) जो अपनी दुकान से सामान खरीदने चौक गया था, वापस नहीं आया है।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की थी। पुलिस को ऐमीघाट से बुधवार को एक शव मिला था। इसमें पुलिस ने मुख्य आरोपी सुशांत पांडेय को गुरुवार को गिरफ्तार किया था।
उससे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर छह अन्य आरोपियों से पूछताछ की थी। एसपी सिटी के अनुसार पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि सुशांत पांडेय मृतक शुभम चौरसिया का गहरा दोस्त है।
मृतक की सुशांत पांडेय की पत्नी से बातचीत व मृतक के द्वारा उसकी पत्नी को आर्थिक सहायता देने के कारण सुशांत अंदरूनी रंजिश रखने लगा था। उसने शुभम चौरसिया को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
उसी के तहत सुशांत पांडेय ने अपने ननिहाल ग्राम ऐमी आलापुर के दोस्तों के साथ योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। एसपी ने बताया कि आरोपियों से मिली जानकारी के अनुसार सुशांत पांडेय व उनके मित्र द्वारा 8 मार्च को तीन बजे के आसपास शुभम चौसरिया को देवकाली के पास बुलाया गया।
वहां उसको स्विफ्ट डिजायर कार में बैठाकर दोनों हाथ व मुंह पर टेप लगाकर गला दबाकर हत्या कर दी गयी। उसके शव को ऐमी घाट स्थित कब्रिस्तान में ले जाकर पूर्व में खोदे गये गड्ढे में दबा दिया गया था।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुशांत पांडेय व मोहित दूबे मृतक शुभम चौरसिया के परिवारजनों के साथ शुभम चौरसिया को ढूंढने का नाटक कर रहे थे। एसपी ने बताया कि पूछताछ के बाद वारदात में प्रयुक्त कार व मोटर साइकिल पुलिस ने बरामद कर ली।
कार आरोपी मोहित दूबे के पिता के नाम से व मोटरसाइकिल आरोपी सुनील यादव उर्फ पेंटर के नाम से है। उन्होंने बताया है कि वारदात का खुलासा कोतवाली अयोध्या पुलिस व सर्विलांस टीम के सम्मिलित प्रयास से किया गया।
उन्होंने बताया कि मोहित दूबे, राहुल दूबे, रितिक गौरव व सत्येंद्र उर्फ गुड्डू दूबे समस्त निवासी ऐमी आलापुर थाना महराजगंज व सुनील यादव उर्फ पेंटर निवासी रसूलाबाद बाजार थाना महराजगंज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।