अयोध्या। कुमारगंज थाना क्षेत्र के बलारमऊ गांव में हुई छह वर्ष की बालिका की हत्या के मामले में पुलिस ने मां-बेटियों समेत तीन नामजद व दो अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
बीते शुक्रवार को गांव निवासी तारावती की छह वर्षीय बेटी पड़ोसी राजकरन के घर में मृत मिली थी। जानकारी होने पर जब खेत में काम करने गई तारावती मौके पर पहुंची तो उसने देखा कि उसकी बेटी के गले से खून बह रहा था तथा चारों ओर खून के छींटे पड़े थे।
राजकरन के परिवारीजन ने करंट लगने से बालिका की मौत होने की बात बताई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बालिका की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर होने की पुष्टि हुई।
जिसके बाद तारावती की तहरीर पर राजकरन की पत्नी विमला, उसकी दो बेटियाें तथा उनके घर पर आए उनके दो अज्ञात रिश्तेदारों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया गया। कुमारगंज इंस्पेक्टर मनोज सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।