अयोध्या। थाना कैंट पुलिस ने सड़क किनारे खड़े ट्रक व अन्य वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के पांच बदमाशों को सोमवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 24 दिसंबर की रात दराबगंज के पास से एक ट्रक से 300 लीटर डीजल चोरी किया था। पकड़े गए आरोपियों में चोरी का डीजल खरीदने वाला भी शामिल है।
थाना प्रभारी रतन कुमार शर्मा ने बताया कि शनिवार देर रात थाना क्षेत्र के दराबगंज इलाके में सड़क किनारे खड़े ट्रक से तीन सौ लीटर डीजल चोरी करने की सूचना मिली थी। ट्रक चालक रोहित मिश्र निवासी अमानीगंज कोतवाली नगर की तहरीर पर रविवार को केस दर्ज किया था। आरोपियों की तलाश में लगी पुलिस ने सोमवार सुबह सहादतगंज अंडर पास के पास से तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ करने पर इन्होंने हाईवे पर खड़े ट्रक से डीजल चोरी करने व अवैध शराब बेचने की बात कबूली। आरोपियों की पहचान रिजवान निवासी बड़ा दरवाजा थाना वजीरगंज जिला गोंडा, राजू गोस्वामी उर्फ बाबा निवासी गोशाई का पुरवा थाना कोतवाली नगर जिला गोंडा, ताज मोहम्मद निवासी चंदापुर थाना वजीरगंज जिला गोंडा के रूप में हुई। इनकी निशानदेही पर गद्दोपुर फ्लाई ओवर के पास से आरोपी अभिषेक यादव निवासी पलिया लोहानी थाना इनायतनगर को भी गिरफ्तार किया गया।
वहीं पूछताछ में पता चलने पर चोरी के डीजल खरीदने वाले आरोपी मनीष जायसवाल निवासी बारून बाजार थाना इनायतनगर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी कार से रात में घूमते थे। सड़क किनारे खड़े वाहनों की टोह लेकर उसमें से डीजल चोरी कर लेते थे। साथ ही आरोपी हरियाणा की बनी शराब को अवैध तरीके से लाकर यहां बिक्री करते थे।
इनके पास से अलग-अलग गैलनों में 700 लीटर शराब, 115 शीशी अवैध शराब, एक-एक पिकअप व कार, डीजल चोरी के प्रयोग में होने वाले उपकरण व डीजल मापने का एक गेज आदि बरामद किया गया। बताया कि आरोपियों ने और कितनी वारदात कहां-कहां की है, पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।