अयोध्या। प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा अनुभाग ने विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के स्नातक व परास्नातक पाठ्यक्रमों के लिए शैक्षिक सत्र 2023-24 में परीक्षा कार्यक्रम संशोधित कर दिया है।
शासन के विशेष सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी की ओर से डाॅ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलसचिव को भेजे गए पत्र में बताया गया कि प्रथम सेमेस्टर की प्रयोगात्मक परीक्षाएं पूर्ण होने की तिथि चार दिसंबर होगी। इस सेमेस्टर की परीक्षा पांच से 20 दिसंबर तक चलेगी। शीतावकाश 25 दिसंबर से पांच जनवरी 2024 तक के लिए होगा। परीक्षा परिणाम 30 दिसंबर को घोषित किया जाएगा।
इसी तरह तीसरे व पांचवें सेमेस्टर की प्रयोगात्मक परीक्षा पूरी होने की तिथि चार दिसंबर होगी। इन दोनों सेमेस्टर की परीक्षा पांच दिसंबर से 20 दिसंबर तक होगी। परीक्षा परिणाम 30 दिसंबर तक घोषित होगा। दूसरे, चौथे और छठवें सेमेस्टर की प्रयोगात्मक परीक्षा 14 मई 2024 तक करानी होगी। इन सेमेस्टरों की परीक्षा 15 मई से 30 मई 2024 तक होगी। परीक्षा परिणाम 15 जून 2024 तक घोषित करना होगा। ग्रीष्मावकाश एक जून से 30 जून 2024 तक रहेगा। वार्षिक प्रणाली में प्रयोगात्मक परीक्षा 14 मई 2024 तक करानी होगी। वार्षिक परीक्षा 15 मई से 30 मई 2024 तक होगी। परीक्षा परिणाम 15 जून 2024 तक घोषित करना होगा।