अयोध्या। कोरोना संक्रमण के बीच अब डेंगू का प्रकोप शुरू होने लगा है। जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में पहला मरीज भर्ती हो गया है। हालांकि, अभी तक मरीज की हालत बेहतर बताई जा रही है।
बरसात के सीजन में जगह-जगह जलभराव में पैदा हुए डेंगू मच्छरों ने डंक मारना शुरू कर दिया है। शहर के खवासपुरा निवासी मनीष रस्तोगी (55) ने बुखार सहित अन्य दिक्कतें होने पर जिला अस्पताल के क्षेत्रीय निदान केंद्र में जांच कराई तो डेंगू पॉजिटिव निकले। इस पर उन्हें जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती किया गया है।
क्षेत्रीय निदान केंद्र के संदीप सिंह ने बताया कि अब तक सात मरीजों की डेंगू जांच हुई है, इनमें एक मरीज ही पॉजिटिव मिला है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एमए खान ने बताया कि इस माह में डेंगू का संक्रमण फैल सकता है। इसके लिए लोगों को सचेत रहने की जरूरत है। पूरी बांह की शर्ट पहनें व आसपास जमा हुए पानी को नष्ट करें। कूलर का पानी भी बदलते रहें।