जिले में अलग-अलग जगहों पर रविवार को आग ने जमकर कहर बरपाया। तेज हवा के साथ लगी आग ने 38 बीघा गेहूं की तैयार फसल को जलाकर राख कर दिया। कुमारगंज के पाराधमथुआ गांव में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने किसान का दो बीघा गेहूं जलकर राख कर दिया तो मवई के रसूलपुर कुशहरी गांव में शॉर्ट सर्किट से 30 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
बीकापुर के पदारपुर देवकलीमाफी गांव में लगी आग से चार किसानों का साढ़े पांच बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। सोहावल के नवीगंज गांव में फेंकी गई राख की चिंगारी से चार परिवारों की गृहस्थी जलकर राख हो गई और 25 मवेशियों की जिंदा जलकर मौत हो गई जबकि तारुन के बालापुर गांव में स्थित पशुशाला में लगी आग में चार मवेशियाें की जलकर मौत हो गई।
मया के हमजापुर में विद्युत तार गिरने से किसान का डेढ़ बीघा गन्ना जल गया। बड़ागांव में गेहूं कटाई के दौरान आग लग जाने से एक बीघा गेहूं व थ्रेसर जलकर राख हो गया। आग लगने की घटनाओं से गांवों में कोहराम मचा रहा।
पटरंगा प्रतिनिधि के मुताबिक रुदौली तहसील रसूलपुर कुशहरी गांव में रविवार सुबह तकरीबन साढ़े 10 बजे एचटी लाइन में हुई शॉर्ट सर्किट से खेतों में तैयार गेहूं की फसल में आग लग गई। जब तक ग्रामीण एकत्र होते हवा के झोंको से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
पड़ोसी गांव अमीरपुर, धनौली, गुलामहसन का पुरवा, संडवा, कुशहरी, रमई का इंदारा व रानीमऊ चौराहा से जुटे सैकड़ाें ग्रामीण आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गए। इस दौरान ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को फोन किया लेकिन किसी का फोन नहीं उठा। ग्रामीणों ने विकराल स्थिति को देखते हुए एसडीएम को फोन किया।
आग बुझाने में तकरीबन डेढ़ घंटे का समय लग गया लेकिन फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची। एसडीएम के निर्देश पर जब फायर ब्रिगेड पहुंची तो सिर्फ राख बची थी। इस बीच किसानों का 30 बीघा गेहूं जलकर राख हो चुका था। आक्रोशित ग्रामीणों ने इसे पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही करार दिया।
आग से रसूलपुर कुशहरी गांव निवासी किसान गुरुप्रसाद श्रीवास्तव, प्रभात श्रीवास्तव, दिनेश चन्द्र, प्रेमचंद, रमेशचंद, सुंदर लाल वर्मा व नीरज गुप्ता निवासी सुमेरगंज कोतवाली रामसनेही घाट जिला बाराबंकी की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सर्वाधिक नुकसान किसान नीरज गुप्ता का हुआ है।
किसान ने बताया कि उसका 15 बीघा गेहूं जल गया। हल्का लेखपाल रामचन्द्र निषाद ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की है। लेखपाल ने बताया कि मंडी परिषद से एक सप्ताह के अंदर पीड़ित किसानों को सहायता राशि दिलवाई जाएगी।
तारुन/ऐमीघाट प्रतिनिधि के मुताबिक तारुन थानाक्षेत्र के बालापुर गांव में रविवार दोपहर हृदयराम निषाद की पशुशाला में आग लग गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका। आग की चपेट में आने से दो भैंस व दो बकरी जिंदा जलकर मर गई। हल्का लेखपाल जमुना प्रसाद वर्मा ने क्षति के आकलन की रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी है।
सोहावल प्रतिनिधि aके मुताबिक रौनाही थानाक्षेत्र के नवीगंज गांव में रविवार दोपहर फेंकी गई राख की चिंगारी से लगी आग से चार परिवारों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। गांव निवासी ताज मोहमद, जुम्मन अली, राजेश यादव व राम शोभित चौरसिया के घरों में लगी आग में कुछ भी शेष नहीं बचा।
अग्निशमन दल जब पहुंचा तो आग बुझ चुकी थी। आग की चपेट में आने से 24 मवेशियाें की जलकर मौत हो गई। जिनमें 13 बकरी और 12 मुर्गियां थीं। मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने मवेशियों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद दफनवा दिया। नायब तहसीलदार पैगाम हैदर ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर क्षति के आकलन के लिए भेजा गया है।
कुमारगंज प्रतिनिधि के मुताबिक रविवार दोपहर बाद तेज हवा के कारण एलटी लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट से पारा धमथुवा गांव निवासी घिर्राऊ मिश्र व अलगू कोरी के खेत में आग लग गई। दोनों किसानों का दो बीघा गेंहू जलकर राख हो गया और अलगू का दो बीघा गेहूं आग बुझाने के चक्कर में रौंद उठा। मौके पर पहुंचे अग्निशमन दल ने ग्रामीणाें की मदद से आग पर काबू पाया। तहसीलदार विनोद कुमार सिंह ने बताया कि क्षति का आकलन कर मुआवजा दिलाया जाएगा।
बीकापुर/उमरपुर प्रतिनिधि के मुताबिक रविवार को पदारपुर देवकली माफी गांव में लगी आग से चार किसानों का साढ़े पांच बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। जिसमें राम शंकर का एक, राम केदार का डेढ़, राम मनोरथ का डेढ़ व राम उजागिर का एक बीघा गेहूं जलकर राख हो गया।
कानूनगो दिनेश मिश्र ने बताया कि हल्का लेखपाल राम प्रकाश दुबे को मौके पर भेजा गया है। बड़ागांव प्रतिनिधि के मुताबिक सोहावल तहसील क्षेत्र के बड़ागांव पीएससी के पीछे रविवार दोपहर शिवम जायसवाल के गेहूं की कटाई की जा रही थी तभी आग लगने से मो. नफीस का थ्रेसर सहित किसान का एक बीघा गेहूं जल गया। गोसाईगंज प्रतिनिधि के मुताबिक मया बाजार के हमजापुर गांव में तार टूटने से संजय सिंह का डेढ़ बीघा गन्ना जल गया।