फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंदिर में लगी आग, साधु की मौत

Tue, 01 Nov 2016 10:34 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अयोध्या
विज्ञापन
मंदिर में आग बुझाते लोग। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जानकीघाट स्थित प्रसिद्ध रामबल्लभाकुंज मंदिर व मठ के भंडार गृह में अन्नकूट के दिन सोमवार रात भीषण आग लग गई। इसकी चपेट में आकर भंडार गृह के कोठारी एक साधु की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। सूचना के घंटेभर बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
विज्ञापन


जांच में पाया गया है कि साधु-संतों व श्रद्धालुओं के भोजन के बाद अचानक किसी कारण से आग भंडारगृह से फैली। लाखों रुपये का सैकड़ों क्विंटल अनाज व खाद्य सामग्री जलकर राख हो गई है। सूचना पर एसपी सिटी उदय शंकर, सीओ दिनेश द्विवेदी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

मंगलवार को संत-महंतों व राजनीतिक दलों के लोग भी मंदिर पहुंच घटना पर शोक जताते रहे। अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के जानकी घाट स्थित रामबल्लभाकुंज मंदिर व मठ में दीपावली के बाद सोमवार को अन्नकूट का पर्व मनाया गया। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं, संत-धर्माचार्य ने पर्व पर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।
विज्ञापन


नित्य की भांति मंदिर में राग-भोग आरती के बाद भंडार गृह को बंद कर कोठारी का काम करने वाले साधु रामअभिलाष दास (38) चेला महंत राम शंकरदास वेदांती निवासी बलरामपुर भंडार में ही बने कमरे में सो गए। इसी बीच रात लगभग साढ़े 11 बजे भंडारगृह में अचानक आग लग गई।

आग देख हलचल मच गई, चारों ओर चीख-पुकार शुरू हो गई। मंदिर के लोग कमरों से बाहर भागने लगे। लोग आग बुझाने में जुट गए लेकिन आग काफी तेजी से फैलते हुए विकराल रूप ले ली। सूचना पर करीब एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों व आसपास के लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

मंदिर के अधिकारी राजकुमार दास ने बताया कि आग से भंडार गृह के कोठारी राम अभिलाष दास की झुलसकर मौत हो गई। वह मंदिर में 10-12 वर्षों से रहकर सेवा कार्य कर रहे थे। पुलिस ने कोठारी के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवारीजनों को सौंप दिया है।

मंगलवार को शव का सरयू तट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। राम बल्लभाकुंज में आग की सूचना पर रात में ही पुजारी रामदास, अभिषेक मिश्र, एनबी दास पहुंचे, जबकि मंगलवार को सुबह मणिराम दास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास, महंत रामकुमार दास, महंत मनमोहन दास, आदि ने पहुंच घटना पर शोक जताया।

अयोध्या कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि रामबल्लभाकुंज में लगी आग का कारण प्रथमदृष्टया शॉर्टसर्किट माना जा रहा है। फिलहाल पूरे मामले की जांच नयाघाट चौकी प्रभारी श्रीनिवास पांडेय को सौंपी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें